सेवा भारती मध्य भारत की बालिका खो-खो प्रतियोगिता:प्रतियोगिता में 6 टीमें शामिल, साकेत मंडल विजेता घोषित

सेवा भारती के किशोरी विकास आयाम के अंतर्गत अंकुर खेल परिसर में खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मंडल स्तर पर चयनित 6 टीमें महानगर स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल हुईं। किशोरियों की टीम ने मैदान में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। सेवा भारती ने भोपाल में खो-खो का पहली बार आयोजन किया है। जिसमें साकेत मंडल की टीम प्रथम और सुभाष मंडल की टीम द्वितीय स्थान पर रही। प्रतियोगिता में महावीर मंडल की टीम को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। निर्णायकों ने तीन प्रतिभागियों बेस्ट ऑलराउंडर प्रीति (साकेत मंडल), सपना बेस्ट अटैकर (सुभाष मंडल) और तनीषा बेस्ट डिफेंडर (महावीर मंडल) को चयनित किया और व्यक्तिगत ट्रॉफी से पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मालती राय महापौर, सेवा भारती के मध्य भारत प्रांत संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह सोलंकी, क्रीड़ा अधिकारी हमीदिया महाविद्यालय डॉ. वंदना श्रीवास्तव, गायत्री फूड लिमिटेड के डायरेक्टर पायल मोदी, श्रद्धा चतुर्वेदी साइबर सिक्योरिटी अधिकारी ने दीप प्रज्जवलित कर किया। सोलंकी ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी से परिचय बढ़ाने के लिए सेवा भारती खो-खो का आयोजन कर रही है। महानगर निवेदिता आयाम प्रमुख कमलेश सिंह ने निवेदिता भारती आयाम का परिचय देकर खेलों का महत्व बताया। सेवा भारती महानगर के पदाधिकारी भगवान दास ढालिया ने बताया कि बालिकाओं को प्रांत अध्यक्ष डॉ. पीएस बिंद्रा, महानगर अध्यक्ष शिवमंगल सिंह, कल्पना तिवारी (टेनिस कोच टीटी नगर स्टेडियम), स्मिता खांडेकर (नेशनल प्लेयर गोल्ड मेडलिस्ट एवं महानगर निवेदिता आयाम सह प्रमुख) ने पुरस्कार किया। कार्यक्रम का संचालन आराधना गुप्ता और आभार प्रदर्शन गीतांजलि शुक्ला ने किया। कार्यक्रम में संभाग संयोजक करण सिंह कौशिक, आभा पांडेय, पायल मोदी, सुनीता सूर्यवंशी, पायल सेठ, नेहा सीठा, कु. सिमरन चंद आदि उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *