राजसमंद में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, उदयपुर की ओर से गायत्री शक्तिपीठ में तीन दिवसीय मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का शुक्रवार को समापन हुआ। समापन कार्यक्रम में विधायक दीप्ति माहेश्वरी मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। विधायक ने कहा-केंद्र और राज्य सरकार की ओर से अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। अगर आमजन इन योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहयोग करे, तो निश्चित रूप से इनका लाभ धरातल तक पहुंच सकेगा। समापन समारोह में आयोजित प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम के विजेताओं को विधायक माहेश्वरी ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। प्रारंभ में केंद्रीय संचार ब्यूरो के सहायक निदेशक रामेश्वर लाल मीणा ने प्रदर्शनी के उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने बताया- मल्टीमीडिया प्रदर्शनी में वंदे मातरम् गीत, खेलो भारत नीति 2025 सहित केंद्र और राज्य सरकार की 20 से अधिक योजनाओं पर आधारित पैनल प्रदर्शित किए गए। उन्होंने कहा- युवाओं और विद्यार्थियों को मनोरंजक तरीके से जानकारी देने के लिए एलईडी स्क्रीन, मोशन गेम्स और संविधान सेल्फी पॉइंट भी विशेष रूप से स्थापित किए गए।


