कोटपूतली के पाना देवी राजकीय कन्या कॉलेज में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की तीनों इकाइयों और महिला प्रकोष्ठ की ओर से नेत्र-जांच एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को आंखों की देखभाल, पोषण, खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों की एक टीम ने छात्राओं की आंखों की विस्तृत जांच की। चिकित्सकों ने उन्हें आंखों की सुरक्षा, नियमित जांच की आवश्यकता, डिजिटल स्क्रीन के अधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभाव, सही प्रकाश व्यवस्था और पोषण के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। प्रत्येक छात्रा को व्यक्तिगत परामर्श और आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए। खाद्य सुरक्षा और मिलावट पर जागरूकता सत्र NSS की एकदिवसीय गतिविधि के तहत खाद्य सुरक्षा और मिलावट जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी शशिकांत शर्मा और नेहा कुमारी ने छात्राओं को खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान, जंक फूड के दुष्प्रभाव, सुरक्षित भोजन का चयन और रसोई में स्वच्छता के महत्व के बारे में उपयोगी जानकारी दी। उन्होंने विवाह और सार्वजनिक कार्यक्रमों में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच करने के सरल और व्यावहारिक तरीके भी बताए। महिला प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित विशेष व्याख्यान में छात्राओं को स्वास्थ्य, पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता और संतुलित भोजन की आदतों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत और आत्मनिर्भर बनाना था। प्राचार्य बोले- मिलावट करने वालों के खिलाफ खड़ा होना होगा कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य प्रो. आरपी गुर्जर ने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिलावट विरोधी अभियान की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की। कार्यक्रम अधिकारी एवं संयोजक डॉ. जी.आर. गुर्जर ने छात्राओं को संतुलित भोजन अपनाने के लिए प्रेरित किया, जबकि कार्यक्रम अधिकारी प्रो. प्रिया खंगारावत और प्रो. यामिनी यादव ने अतिथियों का स्वागत और धन्यवाद ज्ञापन किया।


