कोटपूतली में अस्पताल और स्कूल का निरीक्षण:जिला प्रभारी पुखराज सेन पहुंचे, व्यवस्थाएं देखीं; मिड-डे मील चेक किया

राजस्थान चिकित्सा सेवाएं निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं जिला प्रभारी सचिव पुखराज सेन ने शुक्रवार को कोटपूतली के राजकीय बीडीएम जिला चिकित्सालय और गोपालपुरा के राजकीय विद्यालय और आंगनबाड़ी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सा और शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। इस दौरान जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी भी उनके साथ मौजूद रहीं। प्रभारी सचिव सेन ने चिकित्सालय के मेडिकल इमरजेंसी, ट्रोमा सेंटर, ब्लड बैंक, आईसीयू, डायलिसिस, एसएनसीयू, एमसीएच, सोनोग्राफी, आईपीएचएल लैब, रामाश्रय और दवा वितरण केंद्र सहित विभिन्न वार्डों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों और उनके तीमारदारों से संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चिकित्सालय के पीएमओ डॉ. पुष्कर राज गुर्जर ने बताया-यहां प्रतिदिन औसतन 2.5 से 3 हजार ओपीडी और लगभग 175 आईपीडी होती है। चिकित्सालय में 3 सोनोग्राफी मशीनें, 10 एक्स-रे मशीनें, 2 डिजिटल सीआर सिस्टम और 5 डायलिसिस मशीनें क्रियाशील हैं। संस्थान की आईपीएचएल लैब में 107 प्रकार की जांचें की जाती हैं, जिनकी मासिक संख्या 60 हजार है। इसके अतिरिक्त, 24×7 ईसीजी सुविधा उपलब्ध है और प्रतिमाह 1300 ईसीजी की जाती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री निशुल्क निरोगी (दवा) योजना के तहत एमएनडीवाई स्टोर में 618 प्रकार की दवाइयां, 178 प्रकार के सर्जिकल और 53 प्रकार के सूचर्स उपलब्ध हैं। मिड-डे मील की गुणवत्ता की जांच
गोपालपुरा में, प्रभारी सचिव ने राजकीय विद्यालय और आंगनबाड़ी में शैक्षणिक गुणवत्ता व सुविधाओं का आकलन किया। उन्होंने आंगनबाड़ी में पोषाहार और विद्यालय में दिए जाने वाले मिड-डे-मील की गुणवत्ता की जांच की। रसोई का निरीक्षण कर साफ-सफाई व्यवस्था और स्टॉक का भी अवलोकन किया गया। ये रहे मौजूद
इस निरीक्षण के दौरान एसडीएम रामवतार मीणा, तहसीलदार रामधन गुर्जर, सीएमएचओ डॉ. आशीष सिंह शेखावत, डीएनओ रविकांत जांगिड़, जिला शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद मीणा, उप निदेशक आईसीडीएस सतपाल यादव और प्राचार्य डॉ. महावीर गुर्जर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *