अनूपपुर थाने में मैरिज गार्डन संचालकों की हुई बैठक:पुलिस अधीक्षक बोले- विवाह समारोहों में अव्यवस्थित पार्किंग पर होगी कार्रवाई, शोर-शराबे न करें

अनूपपुर के थाना कोतवाली में शुक्रवार दोपहर मैरिज गार्डन और होटल संचालकों की बैठक आयोजित की गई। टीआई कोतवाली अरविंद जैन ने यह बैठक बुलाई थी, जिसका मुख्य उद्देश्य विवाह समारोहों के दौरान यातायात को सुचारू बनाए रखना था। पुलिस अधीक्षक अनूपपुर मोती उर रहमान के निर्देशों के तहत यह बैठक हुई। उन्होंने बताया कि विवाह समारोहों में सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग और बारात के कारण अक्सर यातायात जाम हो जाता है, जिससे आम लोगों को असुविधा होती है। इस समस्या के समाधान के लिए मैरिज गार्डन संचालकों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे विवाह समारोह के दौरान कार्यक्रम स्थल के सामने कम से कम दो कर्मचारी या निजी सुरक्षा गार्ड नियुक्त करें। इन कर्मचारियों का कार्य समारोह में आने वाले वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करना होगा, ताकि सड़कों पर आम जनता को कोई असुविधा न हो। यदि कार्यक्रम स्थल पर वाहनों की गलत पार्किंग या यातायात जाम की स्थिति बनती है, तो इसकी सीधी जिम्मेदारी मैरिज गार्डन संचालक की होगी। इसके अलावा, बारात लगने का समय रात 10 बजे से पहले निर्धारित करने को कहा गया है। यह समय नगर में वाहनों की नो-एंट्री समाप्त होने से पूर्व का है, जिससे किसी भी घटना, दुर्घटना या यातायात जाम से बचा जा सके। बैठक में मैरिज गार्डन और होटल परिसर में विवाह आयोजन के दौरान रात 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग बंद करने के भी निर्देश दिए गए। संचालकों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि वे बुकिंग करते समय आयोजक से लिखित में यह सहमति लें कि वे रात 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग नहीं करेंगे और उच्च न्यायालय के निर्देशों का कड़ाई से पालन करेंगे। इन निर्देशों का उल्लंघन करने वाले विवाह समारोह आयोजकों या साउंड सर्विस प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यदि रात 10 बजे के बाद डीजे बजाकर शोर-शराबा किया जाता है, तो मध्यप्रदेश कोलाहल अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *