सिंगरौली के बैढ़न मुख्य बाजार में अतिक्रमण एक गंभीर समस्या बन गया है। काली मंदिर रोड, तुलसी मार्ग और बस स्टैंड के आसपास की सड़कों पर हर शाम यातायात जाम की स्थिति निर्मित होती है। इससे स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। सड़क किनारे दुकानें लगने और अवैध पार्किंग के कारण मार्ग संकरा हो जाता है, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। व्यापारी बोले-हर दिन शाम को ऐसी स्थिति रहती है स्थानीय व्यापारी रमेश सोनी ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है। उन्होंने कहा, “हर दिन शाम के समय ऐसी ही स्थिति रहती है। जाम के कारण ग्राहक हमारी दुकानों तक नहीं पहुंच पाते, जिससे कारोबार पर बुरा असर पड़ रहा है।” व्यापारियों ने नगर निगम और यातायात विभाग पर निष्क्रियता का आरोप लगाया है, जिसके कारण स्थिति लगातार बिगड़ रही है। यातायात प्रभारी बोले-साप्ताहिक बाजार लगने के कारण दबाव बढ़ा यातायात प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने कहा कि विभाग लगातार व्यवस्था सुधारने का कोशिश कर रहा है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को साप्ताहिक बाजार लगने के कारण दबाव बढ़ जाता है। दुकानदार अपनी दुकानों के सामने दोपहिया वाहनों की पार्किंग कर देते हैं, जिससे जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है। सिंह ने कहा, “हम लगातार कार्रवाई कर रहे हैं, लेकिन लोगों को भी नियमों का पालन करना होगा।” दुकानदारों को सड़क पर दुकान न लगाने दी चेतावनी उल्लेखनीय है कि सोमवार को नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया था। इस दौरान दुकानदारों को सड़क पर दुकान न लगाने की कड़ी चेतावनी दी गई थी। हालांकि, निगरानी की कमी के कारण व्यापारी फिर से सड़क पर आ गए, जिससे यातायात व्यवस्था पुनः बाधित हो गई। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से काली मंदिर रोड, तुलसी मार्ग और बस स्टैंड क्षेत्र में स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे हर दिन लगने वाले जाम से राहत मिल सकेगी। लोगों का मानना है कि प्रशासन की सख्त निगरानी और प्रभावी कार्रवाई ही इस समस्या का स्थायी समाधान प्रदान कर सकती है।


