नैनपुर पुलिस ने 27 नवंबर की देर रात ग्राम बीजेगांव में एक जुआ फड़ पर छापा मारा। इस कार्रवाई में सात आरोपियों को जुआ खेलते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से लाखों रुपए का सामान और नकदी जब्त की है। थाना प्रभारी नैनपुर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बीजेगांव में तेजलाल उइके के घर के पास जुआ संचालित हो रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडला शिवकुमार वर्मा और एसडीओपी नैनपुर मनीष राज के मार्गदर्शन में थाना नैनपुर और चौकी पिंडरई की दो विशेष टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों ने देर रात तेजलाल उइके के घर के हॉल में छापा मारा। वहां सात आरोपियों को हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेलते हुए पकड़ा गया। इन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में संतोष गोमास्ता, बलराम गोमास्ता, तेजलाल उइके, धर्मेंद्र सिंह राजपूत, नितेश अवधवाल, झामसिंह चौधरी और राकेश चौबे शामिल हैं। पुलिस ने जुआ फड़ से 43,170 रुपए नकद, 52 ताश के पत्ते, 6 एंड्रॉयड मोबाइल, 3 मोटरसाइकिल और 1 टवेरा वाहन जब्त किया। जब्त किए गए कुल मशरूका की कीमत 8,19,170 रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, जुआ खिलवाने वाले मुख्य आरोपियों में से एक सोनू ढीमर (निवासी पिंडरई) अभी फरार है। इसके अलावा राजकुमार तिवारी (जलतरा) और गोलू खान (नैनपुर) भी मौके से भागने में सफल रहे, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस टीम में निरीक्षक बलदेव सिंह मुजाल्दा सहित कई अन्य अधिकारी और आरक्षक शामिल थे।


