शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र के ग्राम सरसी खेड़ा में शुक्रवार शाम करीब 5 बजे एक युवक का शव उसके घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर मोहन बड़ोदिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर तत्काल मोहन बड़ोदिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सरसी खेड़ा निवासी मनीष पिता भेरूलाल के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 18 से 19 वर्ष बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। मोहन बड़ोदिया थाना प्रभारी प्रेम किशोर व्यास ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। युवक के शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पोस्टमार्टम रूम में सुरक्षित रखा गया है। शनिवार सुबह कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।


