जिला कलेक्टर श्वेता चौहान की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें एनएचआई व स्टेट हाईवे पर अवैध पार्किंग और अवैध बायो डीजल वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में एसपी कुंदन कंवरिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कलक्टर ने सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत चल रही गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, एनएचआई व स्टेट हाईवे से हटाए गए अतिक्रमणों के संबंध में लगातार गश्त करने और पुनः अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के भी निर्देश दिए गए। कलक्टर ने एनएचआई बीकानेर, जैसलमेर और भारत माला के अधिकारियों को अवैध पार्किंग करने वालों की रिपोर्ट पुलिस व परिवहन विभाग को भेजने को कहा। उन्होंने निर्धारित भार से अधिक भार वाले वाहनों की सूचना भी भिजवाने के निर्देश दिए। जिला परिवहन अधिकारी को प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। नेशनल हाईवे व स्टेट हाईवे पर अवैध बायो डीजल वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त करने का आदेश दिया गया। परिवहन विभाग और पुलिस को संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध बाल वाहिनियों को जब्त करने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। पीडब्ल्यूडी के एसई को स्टेट हाईवे पर लगे ब्रेकर पर सफेद पट्टी, स्पीड बोर्ड और घुमाव के बोर्ड सुनिश्चित करने को कहा गया।


