केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अशोकनगर जिले के नई सराय स्थित खाद वितरण केंद्र का अचानक निरीक्षण किया। यह दौरा क्षेत्र में डीएपी खाद की उपलब्धता को लेकर किसानों की चिंताओं के बीच हुआ। सिंधिया ने मौके पर पहुंचकर खाद के स्टॉक, सप्लाई और वितरण व्यवस्था का देखी। उन्होंने कहा कि सरकार अन्नदाताओं को पूरी खाद आपूर्ति तय करने के लिए प्रतिबद्ध है। शेष बचे किसानों को भी जल्द खाद उपलब्ध कराई जाएगी। सिंधिया ने खाद की बोरियों चेक की सिंधिया ने स्वयं डीएपी के बोरियों की जांच की और किसानों को दिए जा रहे बोरियों की मात्रा और गुणवत्ता का निरीक्षण किया। उन्होंने वितरण रजिस्टर, पीओएस मशीन से किसानों को किए जा रहे आवंटन और स्टॉक की वास्तविक स्थिति का मिलान भी कराया। अन्नदाताओं को असुविधा नहीं होनी चाहिए केंद्रीय मंत्री ने किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और खाद वितरण में आ रही कठिनाइयों को समझा। उन्होंने किसानों से कहा कि अन्नदाताओं को असुविधा होना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने खाद की उपलब्धता में बाधा न आने और हर किसान को समय पर उसका हक मिलने का आश्वासन दिया। सिंधिया ने संपूर्ण वितरण प्रक्रिया की जांच की, जिसमें वर्तमान स्टॉक, आगामी सप्लाई, ट्रकों की अनलोडिंग, टोकन वितरण, लाइन प्रबंधन और किसानों तक खाद पहुंचाने की गति के सभी पहलुओं का मूल्यांकन किया। समीक्षा के दौरान, उन्होंने जिला प्रशासन, कृषि विभाग और वितरण एजेंसियों को चौबीसों घंटे खाद उपलब्धता पर निगरानी रखने और किसी भी देरी या अव्यवस्था को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद वितरण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।


