जल निगम के 5 प्रोजेक्ट लेट:1176 गांवों में गर्मियों में नल से नहीं होगी जल सप्लाई, कारण- डैम के काम में देरी, बांध में जलभराव नहीं

1447.71 करोड़ रु. लागत की 5 बड़ी समूह जल प्रदाय योजनाओं का चल रहा काम जल जीवन मिशन का जिले में एक भी प्रोजेक्ट समय-सीमा में पूरा नहीं हो पा रहा। 1447.71 करोड़ रुपए की लागत के 5 प्रोजेक्ट में और देरी हो रही है। इस कारण 1176 गांवों में इस बार गर्मियों में नल से जल नहीं पहुंच पाएगा। डैम बनाने के काम में हो रही देरी के कारण बारिश में जल भराव नहीं हो पाया है। जल प्रदाय योजनाओं में हो रही देरी के कारण पिछले वर्ष तत्कालीन कलेक्टर दीपक आर्य ने एक एजेंसी को टर्मिनेट करने व एक एजेंसी पर पेनाल्टी लगाने के लिए कहा था लेकिन जल निगम के अफसरों ने सिर्फ नोटिस भर दिए और कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस कारण इस बार दिसम्बर-2024 में जो प्रोजेक्ट पूरे होने थे उनमें भी देरी हो रही है। जिनकी समय-सीमा बढ़ाकर अक्टूबर-2025 की जाएगी। गढ़ाकोटा ग्रामीण व बक्सवाहा समूह जल प्रदाय योजना की दो बार समय-सीमा बढ़ाई जा चुकी है लेकिन इन दोनों प्रोजेक्ट में अब भी देरी हो रही है। 457 करोड़ 85 लाख रुपए की लागत के ये प्रोजेक्ट 2018-19 में शुरू हुए थे। 24 माह में इनका काम पूरा होना था लेकिन 71 माह बाद भी अधूरा है। एक को टर्मिनेट व दूसरी पर लगनी थी पेनाल्टी : काम में लेट-लतीफी के कारण 28 सितम्बर 2023 को तत्कालीन कलेक्टर दीपक आर्य ने गढ़ाकोटा ग्रामीण जल प्रदाय योजना की एजेंसी मेसर्स इंडियन हयूम पाइप लिमिटेड को टर्मिनेट करने व बक्सवाहा समूह जल प्रदाय योजना की एजेंसी मेसर्स एलएनटी चेन्नई पर पेनाल्टी लगाने के लिए कहा था लेकिन इन्हें सिर्फ नोटिस दिए गए। सीधी बात – गौरव सिंघई, प्रबंधक, जल निगम Q. जल निगम का कोई भी प्रोजेक्ट समय पर पूरे नहीं हो पा रहा।
बांध के निर्माण में देरी के कारण कुछ प्रोजेक्ट लेट हुए हैं।
Q. जिन प्रोजेक्ट की डेडलाइन दिसम्बर 2024 है वे भी लेट हो रहे हैं
इस बार बांधों में जल भराव नहीं कर पाए हैं। इस कारण गर्मियों में जल सप्लाई नहीं हो पाएगी। जो दिसम्बर में प्रोजेक्ट पूरे होने थे उनकी समय-सीमा बढ़ाकर अक्टूबर-2025 करेंगे।
Q. प्रोजेक्ट में देरी के कारण कलेक्टर भी एजेंसी टर्मिनेट व पेनाल्टी लगाने का कह चुके हैं।
दो एजेंसियों को नोटिस दिए थे। कुछ पेनाल्टी भी लगाई है। इसके बाद उन्होंने काम में गति बढ़ाई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *