बुनाई की बारीकियों में छिपा निटेड स्वेटर्स का असली निखार

भास्कर न्यूज। लुधियाना। लगातार बढ़ती सर्दी, बदलता फैशन और आरामदायक कपड़ों की ओर लोगों का झुकाव इन सबके बीच निटेड स्वेटर्स और कार्डिगन इस बार के विंटर सीजन का सबसे पसंदीदा ट्रेंड बन चुके हैं। हर उम्र, हर स्टाइल और हर मौके के लिए बेस्ट ऑप्शन हैं। ये निटेड आउटफिट्स न सिर्फ गर्माहट देते हैं, बल्कि फैशन में सादगी और रॉयल्टी का अनोखा स्टाइल भी हैं। फैशन एक्सपर्ट्स का कहना है कि ​इस साल विंटर फैशन में निटेड वियर की डिमांड भी काफी है, क्योंकि ये आरामदायक भी हैं और स्टाइलिश भी। निटेड स्वेटर्स का असली निखारबुनाई की बारीकियों में छिपा है। निटेड स्वेटर्स की खूबसूरती उनकी टेक्सचर और बुनाई की कला में छिपी होती है। मोटी वूलन बुनाई से बने स्वेटर्स जहां तीखी ठंड में बॉडी को अच्छी तरह गर्म रखते हैं, वहीं हल्के निटेड कार्डिगन थोड़ी हल्की सर्दी में भी एक परफेक्ट विकल्प साबित होते हैं। इस बार बाजार में कई तरह की बुनाई केबल निट, क्रोशे निट, रिब्ड निट, पर्ल निट और ट्विस्टेड पैटर्न ने फैशन प्रेमियों को नई खोज का मौका दिया है। इनकी खासियत यह है कि ये हर तरह के आउटफिट पर आसानी से मैच हो जाते हैं, फिर चाहे वह वेस्टर्न आउटफिट हो या ट्रेडिशनल इंडियन वियर। वर्तमान समय में ओवरसाइज्ड निटेड स्वेटर्स पसंद बन चुके हैं। ये न सिर्फ देखने में खूबसूरत लगते हैं, बल्कि पर्याप्त आराम भी देते हैं। ओवरसाइज्ड कार्डिगन को जींस, स्कर्ट या ड्रेस के साथ पहनने पर एक खूबसूरत विंटर लुक तैयार होता है। वहीं टाइट फिट रिब्ड स्वेटर्स उन लोगों को पसंद आते हैं, जो स्लिम और एलिगेंट लुक चाहते हैं। कई महिलाएं हल्के वजन वाले निटेड श्रग्स को भी अपनी रोजमर्रा की ड्रेसिंग का हिस्सा बना रही हैं, क्योंकि इन्हें स्टाइल करना आसान होता है और ये कहीं भी पहनने लायक रहते हैं। इस सीजन रंगों की बात की जाए तो पेस्टल शेड्स और वॉर्म न्यूट्रल कलर्स का बोलबाला है। लैवेंडर, पाउडर ब्लू, मिंट ग्रीन, बेज, क्रीम और ऑफ व्हाइट जैसे रंग निटेड फैशन को और भी आकर्षक बनाते हैं। हालांकि क्लासिक रंगों काला, ग्रे और नेवी ब्लू का क्रेज आज भी कम नहीं हुआ है। वहीं विंटर फेस्टिव सीजन में रेड, मरून और डीप ग्रीन रंगों वाले निटेड कार्डिगन एक स्टाइलिश स्टेटमेंट बनकर उभरे हैं। निटेड वियर की एक खास बात यह है कि इन्हें लेयरिंग में भी आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है। आप चाहें तो इन्हें हाई-नेक, शर्ट या टी-शर्ट के ऊपर पहनकर एक मॉडर्न और साफ-सुथरा लुक पा सकते हैं। कार्डिगन की बटन अप स्टाइल लेयरिंग को और आसान बनाती है। कई निटेड स्वेटर्स के ऊपर बेल्ट पहनकर एक ट्रेंडी फ्यूजन लुक भी अपनाते दिखाई दे रहे हैं। फैशन एक्सपर्ट बताते हैं कि निटेड वियर की लोकप्रियता बढ़ने का एक बड़ा कारण यह भी है कि ये पर्यावरण के अनुकूल होते हैं, खासकर वे स्वेटर्स​​​​​​​​​​​​​​ जो हैंड निटेड या नेचुरल वूल से बने होते हैं। इनका लाइफ स्पैन भी काफी लंबा होता है, जिससे ये एक समझदार और टिकाऊ विकल्प बन जाते हैं। ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते चलन ने भी निटेड फैशन को नई ऊंचाई दी है, क्योंकि अब घर बैठे ही अलग-अलग डिजाइन, रंग और पैटर्न में उपलब्ध विकल्पों को आसानी से देखा और खरीदा जा सकता है। निटेड स्वेटर्स और कार्डिगन इस विंटर में सिर्फ गर्म रहने का साधन नहीं, बल्कि एक फैशन स्टेटमेंट बन चुके हैं। आराम, स्टाइल, टिकाऊपन और खूबसूरती इन चारों का परफेक्ट मेल इन्हें सीजन का भरोसेमंद ट्रेंड बनाता है। अगर आप भी अपना विंटर वॉर्डरोब अपडेट करना चाहती हैं, तो निटेड वियर को उसमें खास जगह देना बिल्कुल न भूलें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *