हरदा| उच्च शिक्षा विभाग अंतर्गत गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में हुई। इसमें उच्च शिक्षा संस्थानों एवं कोचिंग संस्थाओं में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को मानसिक तनाव से उबारने के लिए वातरण देने पर चर्चा हुई। इस दौरान कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने सभी शिक्षण संस्थानों एवं कोचिंग संस्थानों में शिकायत पेटी लगाने एवं शिकायत निराकरण के लिए समिति गठित करने के निर्देश दिए। बैठक में जघन्य एवं सनसनीखेज अपराधों पर कार्रवाई, चिटफंड एवं माइक्रोफाइनेंसिंग कंपनियों के लंबित अपराधों की समीक्षा की। साथ ही वन भूमियों से अतिक्रमण हटाने एवं वन अपराधों के मामलों पर रिपोर्ट पेश की। सामुदायिक वनाधिकार के लंबित दावों के निराकरण को लेकर अधिकारियों ने चर्चा की। अवैध उत्खनन के प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान कलेक्टर जैन ने नियम विरुद्ध फुटकर खनिज सामग्री बेचने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसकी सतर्मता व मानिटरिंग समिति की नियमित बैठक के लिए अधिकारी को पाबंद किया। बैठक में एसपी, डीएफओ, एडीएम , संयुक्त कलेक्टर एवं समिति की सचिव व कॉलेज प्राचार्य मौजूद थीं।


