ग्वालियर में हिट एंड रन, मां-बेटे की मौत:तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को पीछे से मारी टक्कर; हादसे में मौके पर ही दम तोड़ा

ग्वालियर में शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी और चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हादसा पुरानी छावनी स्थित निरावली पॉइंट पर हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों उछलकर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने पीछा कर आरोपी डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, मोती झील कृष्णा पहाड़ी निवासी चमेली बघेल (45), पत्नी अतर सिंह बघेल, अपने बेटे धर्मेंद्र बघेल (27) के साथ शुक्रवार दोपहर एक कार्यक्रम में शामिल होकर कैलारस (मुरैना) से लौट रही थीं। दोनों जैसे ही निरावली पॉइंट के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मां-बेटा बाइक सहित सड़क पर जा गिरे और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने फिलहाल शव को निगरानी में लेकर डेड हाउस में रखवा दिया है। शनिवार को शवों का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। दोनों के ऊपर से निकला टायर
टक्कर लगते ही धर्मेंद्र और उसकी मां हवा में उछले और सड़क पर गिरे, जिससे डंपर का पहिया उनके ऊपर से निकल गया। पहिया निकलते ही वह गंभीर घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि डंपर के पहिए के नीचे आकर करीब 20 फीट तक घिसटता चला गया। चालक ने किया भागने का प्रयास
हादसे के बाद आरोपी डंपर चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने उसे पकड़ लिया और तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। बुआ के यहां शादी से लौट रहे थे पता लगा है कि मृतक धर्मेंद्र व उसकी मां पूरे परिवार के साथ मुरैना के कैलारस में अपनी बुआ के यहां भाई की शादी में गया था। शादी 27 नवंबर की थी। शुक्रवार को दो अलग-अलग बाइक पर सवार होकर परिवार वापस लौट रहा था। एक बाइक पर धर्मेंद्र और उसकी मां थी, जबकि दूसरी बाइक पर उसका भाई सूरज व अन्य परिजन थे। इस मामले में पुरानी छावनी थाना प्रभारी संतोष यादव का कहना है कि सड़क हादसे में एक मां-बेटे की मौत हुई है। शवों को नि​गरानी में लेकर डेड हाउस में रखवा दिया गया है। डंपर चालक को पकड़ लिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *