चित्तौड़गढ़ डेयरी ने बदली पैक्ड दूध की दरें:13 नवंबर को ही हो गई थी लागू, लेकिन कई बूथों पर अब भी पुरानी रेट पर बिक्री जारी

चित्तौड़गढ़-प्रतापगढ़ दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने अपने पैक्ड दूध के अलग-अलग पैक साइज की कीमतों में बदलाव किया है। यह नई दरें 13 नवंबर से लागू हो चुकी हैं, लेकिन कई बूथों पर अब भी पुराने दामों पर दूध बेचा जा रहा है। इस कारण उपभोक्ताओं से चित्तौड़गढ़ डेयरी में लगातार शिकायतें मिल रही हैं। लोगों का कहना है कि डेयरी ने रेट कम कर दिए हैं, फिर भी बूथों पर उन्हें ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है। फुल क्रीम दूध के दोनों पैक में दो रुपए की कमी फुल क्रीम मिल्क (गोल्ड) के 500 और 1000 मिलीलीटर पैक की कीमत पहले 66 रुपए थी, जिसे घटाकर अब 64 रुपए कर दिया गया है। इसी तरह इसके 6000 मिलीलीटर वाले पैक की कीमत 65 रुपए से कम होकर 64 रुपए कर दी गई है। इस बदलाव से फुल क्रीम दूध पीने वाले उपभोक्ताओं को थोड़ी राहत मिली है। लेकिन समस्या यह है कि कुछ बूथ अभी भी पुराने 66 रुपए ही वसूल रहे हैं। स्टैंडर्ड मिल्क की दरें पहले जैसी ही रखी गईं स्टैंडर्ड मिल्क की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके 500 और 1000 मिलीलीटर के पैक पहले की तरह ही 60 रुपए में मिलते रहेंगे। इसी तरह 6000 मिलीलीटर पैक भी 60 रुपए ही रखा गया है। डेयरी का कहना है कि इस श्रेणी में दाम स्थिर रखने का निर्णय उपभोक्ताओं और उत्पादकों दोनों को ध्यान में रखकर लिया गया है। डबल टोंड (स्मार्ट) पैक पर सबसे ज्यादा कीमत में कटौती डबल टोंड यानी स्मार्ट दूध में इस बार सबसे ज्यादा रेट घटाए गए हैं। इसके 200 मिलीलीटर पैक की कीमत 45 रुपए से घटाकर 40 रुपए कर दी गई है। वहीं 500 और 1000 मिलीलीटर पैक पहले 42 रुपए में मिलते थे, अब ये केवल 40 रुपए में उपलब्ध होंगे। इसके अलावा 6000 मिलीलीटर पैक की कीमत 41 रुपए से घटाकर 39 रुपए कर दी गई है। इस कटौती से इस श्रेणी का दूध खरीदने वाले उपभोक्ता सबसे ज्यादा लाभ में रहेंगे। टोंड मिल्क की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया टोंड मिल्क के दाम इस बार भी पहले वाले रखे गए हैं। इसके 250 मिलीलीटर पैक की कीमत 56 रुपए ही है। वहीं 500 और 1000 मिलीलीटर पैक पहले की तरह 54 रुपए में ही उपलब्ध रहेंगे। इसी तरह 6000 मिलीलीटर पैक की कीमत भी बिना बदलाव के 53 रुपए ही रखी गई है। डेयरी ने स्पष्ट किया कि इस श्रेणी में लागत और मांग के संतुलन को देखते हुए दाम स्थिर रखना जरूरी था। चाय साथी और स्कीम मिल्क में भी हुई थोड़ी राहत चाय साथी के 1000 मिलीलीटर पैक की कीमत 52 रुपए से घटाकर 50 रुपए कर दी गई है। वहीं स्कीम मिल्क के 6000 मिलीलीटर पैक की कीमत 38 रुपए से कम करके 36 रुपए कर दी गई है। इन दोनों श्रेणियों में कीमत कम होने से बड़ी मात्रा में दूध खरीदने वाले परिवारों और चाय की दुकानों को कुछ राहत मिलेगी। उपभोक्ता परेशान, डेयरी से सख्त कार्रवाई की मांग अब जबकि नई कीमतें लागू हो चुकी हैं, फिर भी कई बूथों पर पुरानी रेट से दूध बेचे जाने की शिकायतें मिल रही हैं। उपभोक्ताओं ने दुग्ध संघ से मांग की है कि ऐसे बूथों पर कार्रवाई की जाए और नई रेट लिस्ट हर बूथ पर स्पष्ट रूप से लगाई जाए। डेयरी प्रशासन भी इस मामले में जल्द सख्ती बरतने का आश्वासन दे रहा है, ताकि लोगों को सही कीमत पर दूध मिल सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *