लोहे की रॉड लेकर महिलाओं पर झपटे पार्षद पति, VIDEO:मऊगंज में पीड़ित महिलाएं थाने पहुंची; SDM से शिकायत कर कार्रवाई की मांग

मऊगंज जिले के हनुमना नगर परिषद क्षेत्र में वार्ड क्रमांक 7 के पार्षद पति संतोष कोल का महिलाओं के साथ अभद्रता और धमकाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शुक्रवार को सामने आया है। वीडियो में संतोष कोल को लोहे की रॉड लेकर महिलाओं को धमकाते और उन पर हमला करने के लिए दौड़ते हुए देखा जा सकता है। इस घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। यह मामला कुरी प्लांट क्षेत्र का है, जहां अनुसूचित जाति और जनजाति समुदाय के कई परिवार लगभग चार दशकों से झुग्गी-झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पार्षद पति ने गुरुवार को बिना किसी पूर्व सूचना या सरकारी आदेश के बस स्टैंड के नाम पर बाउंड्रीवॉल का निर्माण शुरू करा दिया था। जब महिलाएं और स्थानीय पुरुष मौके पर पहुंचे और निर्माण की वैधता पर सवाल उठाए, तो संतोष कोल भड़क गए। उन्होंने लोहे की रॉड उठाकर लोगों को धमकाना शुरू कर दिया। वीडियो में उन्हें गाली-गलौज करते, धक्का-मुक्की करते और महिलाओं को धमकाते हुए स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। महिलाओं ने बताया पार्षद उन्हें धमकियां देता है पीड़ित महिलाओं ने आरोप लगाया है कि संतोष कोल लगातार उन्हें धमकियां देता है। पीड़ित महिला सीता कुशवाहा ने वार्ड पार्षद निर्मला कोल पर जुआ खिलवाने और अवैध शराब बिक्री में संलिप्तता के गंभीर आरोप भी लगाए हैं। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि इससे पहले भी सरकारी बोरिंग से पानी भरने जाने पर संतोष कोल उन्हें गाली-गलौज कर धमकाता था। आरोप है कि बोरिंग का स्टार्टर उसके घर में रखा है और पानी की आपूर्ति पर उसका पूरा नियंत्रण रहता है। महिलाएं थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित महिलाएं कांग्रेस जिला अध्यक्ष के साथ हनुमना एसडीएम से मिलीं और पूरे प्रकरण की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद, महिलाओं ने थाना हनुमना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस प्रकार की घटनाओं पर समय रहते रोक नहीं लगी, तो क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति और बिगड़ सकती है। अब सभी की निगाहें प्रशासन के रुख पर टिकी हैं। थाना प्रभारी हनुमना अनिल काकडे ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *