भानुप्रतापपुर-पखांजुर लाइन कार्यस्थल से 4 लाख का तार ड्रम चोरी:अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज; युवक की पिटाई करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

भानुप्रतापपुर-पखांजुर लाइन कार्यस्थल से चार लाख रुपए मूल्य का एक एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार का ड्रम चोरी हो गया है। यह ड्रम ग्राम पीवी 34 प्रेमनगर स्थित हरि मंदिर के मैदान में रखा गया था। सुपरवाइजर की शिकायत पर पखांजुर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फर्म मेसर्स देवश्री एग्रोटेक प्राइवेट लिमिटेड, धमतरी, 132 केवी सेकेंड सर्किट भानुप्रतापपुर-पखांजुर लाइन का कार्य कर रही है। इस कार्य के लिए कंपनी ने कुल 17 एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार के ड्रम उक्त स्थान पर रखे थे। खेतों में फसल होने के कारण कार्य रुका हुआ था। धमतरी जिले के मोटर स्टेशन वार्ड निवासी भूपेंद्र गौतम (50 साल), जो कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं, ने 23 नवंबर को साइट निरीक्षण और सामान का मिलान करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पाया कि 17 ड्रमों में से एक एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार ड्रम क्रमांक 19 गायब था। इस ड्रम की लंबाई करीब 1568 मीटर थी और इसकी अनुमानित लागत 4 लाख रुपये है। भूपेंद्र गौतम ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 10-12 दिन पहले दोपहर 1 बजे के आसपास एक अज्ञात व्यक्ति पिकअप वाहन में एक तार का ड्रम लोड करके ले जा रहा था। पूछने पर उसने ग्रामीणों को बताया कि वह अपना सामान ले जा रहा है। ग्रामीणों को सामान के बारे में जानकारी न होने के कारण उन्हें चोरी का संदेह नहीं हुआ। सुपरवाइजर भूपेंद्र गौतम की शिकायत पर पखांजुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएसएस) की धारा 303 (2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब चोर की तलाश कर रही है। फोन लगाने के विवाद में युवक की पिटाई: पखांजुर में 3 आरोपियों पर मामला दर्ज पखांजुर थाना क्षेत्र में फोन लगाने के विवाद को लेकर एक युवक की पिटाई का भी मामला सामने आया है। तीन लोगों ने मिलकर युवक के साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना तब हुई जब पीड़ित युवक की पत्नी काम पर गई थी और घर लौटने में देरी हो रही थी। परिवार के सदस्य चिंतित हो गए। उन्होंने ग्राम उजाला के एक व्यक्ति से पत्नी को फोन लगाने का अनुरोध किया। पहली बार फोन नहीं लगने पर युवक ने दोबारा फोन लगाने का आग्रह किया। इस बात पर संजय सरकार और साजन सरकार (दोनों निवासी उजाला) तथा विवेक राय (निवासी खैरकट्टा कॉलोनी) ने युवक के साथ गाली-गलौज की। उन्होंने युवक को जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उसके सिर में चोट लगी। बोगानभोड़िया निवासी दलसो बाई टोप्पा ने पखांजुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 27 नवंबर को उनकी बहू रमशीला टोप्पा मक्का तोड़ने ग्राम उजाला गई थी। शाम 7 बजे तक घर नहीं आने पर उनके बेटे रामप्रसाद टोप्पा ने संजय सरकार से पत्नी को फोन लगाने का अनुरोध किया था। पुलिस ने संजय सरकार, साजन सरकार और विवेक राय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115 (2), 296, 3 (5), 351 (2) के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *