सूरजपुर में दंतैल हाथी ने पति-पत्नी को कुचलकर मार डाला:खलिहान में धान की रखवाली कर रहे थे दंपती, देर रात पहुंच गया हाथी

सूरजपुर जिले के ग्राम कपसरा में बीती रात दंतैल हाथी ने खलिहान में धान की रखवाली कर रहे दंपती को कुचलकर मार डाला। दंतैल हाथी प्रतापपुर वन परिक्षेत्र से देर रात सूरजुपर वन परिक्षेत्र में घुसा। हाथी के पहुंचने से बेखबर पति-पत्नी रखवाली के लिए बनाए गए झाले में सो रहे थे। हाथी ने दोनों को कुचलकर मार डाला। मामला भटगांव थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, भटगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कपरसा के बिसाही पोड़ी निवासी कबिलास राजवाड़े (45 वर्ष) अपनी पत्नी धनियारो (40 वर्ष) के साथ खलिहान में काटकर रखे ग धान की रखवाली के लिए सो रहे थे। शीत एवं सर्द हवाओं से बचने के लिए उन्होंने आम पेड़ के नीचे एक झोपड़ीनुमा झाला बनाया था। दंपती रात में वहीं सोए हुए थे। अचानक पहुंचा हाथी, भागने के दौरान मार डाला
देर रात करीब दो बजे दंतैल हाथी कबिलास राजवाड़े के झाले के पास पहुंच गया। हाथी ने बगल में मौजूद अहाते की दीवार को लात मारकर तोड़ दिया। दीवार की ईंटें झाले से टकराई तो दोनों पति-पत्नी झाले से बाहर निकले। जैसे ही वे बाहर आए, उनका सामना दंतैल हाथी से हो गया। हाथी ने दोनों को सूूंढ़ से उठाकर पटक दिया और कुचल दिया। हाथी के गांव में आने पर लोग दहशत में आ गए। तड़के दोनों को शव देखकर सूचना वनविभाग के कर्मियों को दी गई। सूचना पर सूरजपुर रेंजर सहित वनविभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचेे। शव को पंचनामा के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। कई किलोमीटर तय कर पहुंचा हाथी, लोगों ने नहीं लगी भनक
जिस दंतैल हाथी ने दंपती को कुचला, वह कुछ दिनों पूर्व सरगुजा के लुण्ड्रा क्षेत्र से विचरण करते हुए प्रतापपुर वन परिक्षेत्र में पहुंचा था। शुक्रवार को उक्त हाथी सरहरी में देखा गया था। हाथी की निगरानी की जा रही है। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे हाथी ने प्रतापपुर क्षेत्र के परसा बस्ती को भी पार किया था। रात को हाथी वनविभाग के कर्मियों की नजरों से ओझल हो गया और कई किलोमीटर का सफर करते हुए बिसाही पोड़ी पहुंच गया।
वनविभाग के अधिकारियों के अनुसार इस क्षेत्र में हाथी नहीं आते हैं, इस कारण दंपती हाथी की मौजूदगी से बेखबर था। वनविभाग द्वारा आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *