नीमच जिले के मनासा नगर में एक युवक ने सल्फास नामक जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उसकी हालत गंभीर होने पर उसे नीमच जिला चिकित्सालय के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी है। युवक की पहचान अलेहड़ निवासी अशोक पिता कैलाश (30 वर्ष, माली) के रूप में हुई है। उसने यह आत्मघाती कदम मनासा में मारू ट्रैक्टर शोरूम के समीप उठाया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल परिजनों को सूचना दी गई। परिजन उसे मनासा के स्थानीय चिकित्सालय ले गए। सल्फास की अत्यधिक विषाक्तता के कारण युवक की हालत गंभीर बनी हुई थी। मनासा के चिकित्सकों ने उसे तुरंत बेहतर उपचार के लिए नीमच जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। नीमच पहुंचने पर शुक्रवार रात उसे ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। युवक ने किस कारणवश यह आत्मघाती कदम उठाया, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


