पंजाब के फरीदकोट में पीआरटीसी कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। जिसके चलते बस स्टैंड से एक भी सरकारी बस का संचालन नहीं हो सका। यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा। बता दें कि, एक दिन पहले राज्यभर में किलोमीटर स्कीम का विरोध करने पर विभिन्न स्थानों पर पीआरटीसी और पंजाब रोडवेज के कर्मचारियों पर लाठीचार्ज के विरोध में यह हड़ताल की जा रही है। जानकारी के अनुसार, किलोमीटर स्कीम बसों का टेंडर के विरोध को दबाने के लिए एक दिन पहले शुक्रवार को राज्यभर पीआरटीसी व रोडवेज कर्मचारी यूनियन के नेताओं को डिटेन किया गया था, जिसके विरोध में फरीदकोट बस स्टैंड को पूरी तरह बंद कर रहा और बसों का चक्का जाम कर दिया। लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन विरोध करने पर जब नेताओं को रिहा नहीं किया गया तो कर्मचारी उग्र प्रदर्शन पर उतर आए और कुछ कर्मचारी पेट्रोल की बोतल लेकर पानी की टंकी व बसों पर चढ़ गए। हालांकि फरीदकोट प्रशासन ने यूनियन नेताओं को रिहा कर कर्मचारियों का गुस्सा शांत करवा लिया था लेकिन राज्य के कुछ हिस्सों में पुलिस ने कर्मचारियों पर लाठीचार्ज तक किया जिसके रोष में शनिवार को हड़ताल की जा रही है। निजीकरण के लिए किलोमीटर स्कीम को दिया जा रहा बढ़ावा- हरप्रीत सिंह इस मामले में पीआरटीसी कर्मचारी यूनियन के नेता हरप्रीत सिंह ने कहा कि जब तक राज्य सरकार व मैनेजमेंट द्वारा किलोमीटर स्कीम को रद्द नहीं किया जाता तो उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट विभाग के निजीकरण की मंशा से सरकारी बसें ना खरीद कर इस स्कीम को बढ़ावा दिया जा रहा है जिसे सहन नहीं किया जा सकता।


