खाद्य विभाग ने डूंगरपुर की जिला रसद अधिकारी (डीएसओ) मणि खींची को एपीओ कर दिया है। उन्हें पदस्थापन आदेशों की प्रतीक्षा में खाद्य विभाग मुख्यालय जयपुर में रखा गया है। इसके साथ ही बांसवाड़ा के डीएसओ को डूंगरपुर का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। अतिरिक्त खाद्य आयुक्त पूनम प्रसाद सागर ने मणि खींची को एपीओ करने के आदेश जारी किए हैं। आदेशों में एपीओ का कारण ‘प्रशासनिक कारण’ बताया गया है। सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री के डूंगरपुर दौरे के दौरान मिली किसी शिकायत के बाद की गई है। हालांकि, आधिकारिक आदेशों में इसका कोई उल्लेख नहीं है। इसी आदेश के तहत बांसवाड़ा के जिला रसद अधिकारी ओमप्रकाश जोतड़ को अगले आदेशों तक डूंगरपुर जिला रसद अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। अब बांसवाड़ा के डीएसओ ही डूंगरपुर में भी रसद विभाग के खाद्य सामग्री संबंधी कामकाज देखेंगे।


