सरपंच के बेटे ने शादी में की हर्ष फायरिंग:मुरैना में पिता की लाइसेंसी बंदूक से दागी गोलियां; वीडियो इंस्टाग्राम पर डाला

मुरैना के रिठौरा थाना क्षेत्र में एक युवक ने शादी समारोह में अपने सरपंच पिता की लाइसेंसी बंदूक से अंधाधुंध फायरिंग की। घटना शुक्रवार शाम की है। युवक ने फायरिंग का वीडियो अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर भी अपलोड किया। वीडियो सामने आने के बाद रिठौरा पुलिस ने शस्त्र लाइसेंस निलंबित करने के लिए एसपी समीर सौरभ को प्रतिवेदन भेज दिया है। आरोपी युवक अरविंद गुर्जर है, जो मुरैना विकास खंड की बड़बारी पंचायत के वर्तमान सरपंच राजवीर गुर्जर का बेटा है। शुक्रवार शाम एक शादी समारोह में अरविंद ने अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक से एक के बाद एक हर्ष फायर किए। वीडियो में वह एक कुर्सी पर बैठकर बंदूक को सामने की ओर तानकर लगातार फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। समारोह में मच गया हड़कंप, बुजुर्गों ने रोका
युवक द्वारा शादी समारोह में लगातार फायरिंग करने की घटना से वहां हड़कंप मच गया। वह कुर्सी पर बैठे हुए सामने की तरफ बंदूक करके फायरिंग किए जा रहा था। यह देखकर समारोह में मौजूद कुछ युवक और बुजुर्ग अरविंद गुर्जर के पास गए और उससे फायरिंग बंद कराई। एसपी को भेजा लाइसेंस निरस्त करने का प्रस्ताव
रिठौरा थाना प्रभारी संतोष बाबू गौतम के अनुसार, “युवक द्वारा फायरिंग की जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद युवक की पहचान अरविंद गुर्जर के रूप में हुई है। उसके पिता सरपंच की बंदूक है। इस पर लाइसेंस निरस्त करने के लिए एसपी को प्रतिवेदन थाने से भेजा जा चुका है। अग्रिम कार्यवाही एसपी कार्यालय से होगी।” झूठी शान के लिए फायरिंग
गौरतलब है कि कई बार हर्ष फायरिंग के कारण शादी की खुशियां मातम में बदली हैं। स्थानीय प्रशासन ने भी शादी समारोह या भीड़ वाले इलाकों में बंदूक ले जाने पर रोक लगाई है, लेकिन झूठी शान के चलते हर्ष फायरिंग पर रोक नहीं लग पा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *