डिंडौरी के पश्चिम करंजिया वन परिक्षेत्र में पिछले दो दिनों से चार हाथियों ने दो गांवों में जमकर उत्पात मचाया है। इन हाथियों ने तीन मकानों को क्षतिग्रस्त किया, एक बाइक तोड़ दी और खलिहान में रखी धान की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचाया। वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नज़र बनाए हुए है। छत्तीसगढ़ के जंगल से आए हाथी पहुंचा रहे नुकसान डिप्टी रेंजर प्रिंस मरावी ने जानकारी दी कि गुरुवार रात छत्तीसगढ़ के जंगल से आए हाथियों के दल ने पंडरी पानी गांव में शिव प्रसाद पिता अर्जुन सिंह के घर को चारों तरफ से तोड़ दिया। हाथियों ने उनके खलिहान में रखी फसल को भी नुकसान पहुंचाया। इसी दौरान, चंद्रभान और रेवा सिंह के घरों में बंधी भैंसों को भी हाथियों ने पटक दिया। उनके घरों में रखी बाइकें भी क्षतिग्रस्त कर दी गईं। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हाथियों के मूवमेंट पर निगरानी रख रही है वन विभाग टीम वन विभाग की टीम द्वारा खदेड़े जाने के बाद, शनिवार सुबह हाथियों का यह दल चकरार गांव से होते हुए छत्तीसगढ़ सीमा पर स्थित तिनगड़ा तिराहे के पास जंगल में डेरा डाले हुए है। वन विभाग की टीम हाथियों के मूवमेंट पर लगातार निगरानी रख रही है ताकि आगे किसी भी तरह के नुकसान को रोका जा सके और ग्रामीणों को सुरक्षा प्रदान की जा सके।


