ग्वालियर में शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा रात करीब 12 बजे तानसेन मकबरा के सामने हुआ। कार की गति अधिक होने के कारण वह सड़क पर लहराती हुई डिवाइडर पर चढ़ गई और क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के समय सड़क पर लोगों की आवाजाही थी और पास ही से एक बारात भी गुजर रही थी। ऐसे में यदि कार भीड़ की ओर बढ़ जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। ग्वालियर के तानसेन मकबरा इलाके में शुक्रवार की रात तानसेन रोड की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार MP21 CA-5957 अनियंत्रित हो गई। चालक ने कार को संभालने का प्रयास किया, लेकिन वह बेकाबू होकर सड़क पर लहराते हुए सीधे डिवाइडर पर जा टकराई और दीवार पर जा चढ़ी। जिस समय यह हादसा हुआ, घटना स्थल के पास से ही एक बारात गुजर रही थी। साथ ही आसपास काफी लोग मौजूद थे। हादसे के बाद चालक, कार को वहीं छोड़कर भाग गया है।
कार जब्त कर थाना में भिजवाया
घटना की सूचना मिलते ही रात को गश्त पर निकले पुलिस अधिकारी व बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को डिवाइडर से हटवाकर निगरानी में लेकर थाना पहुंचा दिया है। पुलिस को आशंका है कि घटना के समय हो सकता है कार चालक नशे में हो। फिलहाल पुलिस कार के रजिस्ट्रेशन नंबर से पता लगा रही है कि कार मालिक कौन है।
मामले में ग्वालियर थाना पुलिस ने बताया कि कार अनियंत्रित होकर तानसेन मकबरा के सामने डिवाइडर से जा टकराई है। हादसा किन हालात में हुआ, इसका पता लगाया जा रहा है। हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।


