फाजिल्का के अबोहर की इंदिरा नगरी में आज दोपहर एक गरीब मजदूर परिवार के घर में आग से सारा सामान जल कर राख हो गया। यह आग बिजली के तारों में हुई स्पार्किंग से लगी। गनीमत रही कि आग लगने के वक्त कोई भी घर में मौजूद नहीं था। इसलिए किसी के जान का नुकसान नहीं हुआ। घर की छत सरकंडों से बनी हुई थी। इससे आग ज्यादा भड़की। धुआं देख लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ देर में पहुंची गाडि़यों ने आग पर काबू पाया। लेकिन, जबतक आग बुझाई जाती, सारा सामान जलकर खाक हो गया। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने से समाजसेवा संस्थाओं ने लोगों से मदद की गुहार लगाई है। आग के समय घर में कोई नहीं था, लोगों ने दी दमकल को सूचना इंदिरा नगरी गली नंबर 6 निवासी राणा ने बताया कि वह और उनकी पत्नी मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के समय राणा काम पर गए थे, उनकी पत्नी तारा एस्टेट कॉलोनी में काम कर रही थीं और बच्चे स्कूल गए हुए थे। जब घर में कोई नहीं था, तभी अचानक बिजली के तार में स्पार्किंग हुई और कमरे में आग लग गई। आसपास के लोगों ने धुआं उठता देख दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर का सारा सामान जल चुका था। राणा के अनुसार, इस आगजनी में उनका बिस्तर, टीवी, कूलर, अलमारियां, बर्तन और कपड़े सहित सभी घरेलू सामान जलकर राख हो गए। कमरे की छत भी जलकर गिर गई। मदद की लगाई गुहार घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय एमसी के बेटे विनय भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शहर के समाज सेवी लोगों और संस्थाओं से मदद की गुहार लगाई है। राणा ने बताया कि उन्होंने पाई-पाई जोड़कर यह सामान खरीदा था, जो अब पूरी तरह नष्ट हो चुका है। उन्होंने सभी से मदद की अपील की है।


