सीकर के श्री कल्याण जिला अस्पताल में आज दैनिक भास्कर के संस्थापक दिवंगत रमेश चंद्र अग्रवाल के 81 में जन्मदिन को प्रेरणा दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पहुंचे सीकर जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा और जिला पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया। जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने कहा कि दैनिक भास्कर ने हमेशा सामाजिक सरोकार निभाए हैं। आमजन को रक्तदान के प्रति जागृत करने के उद्देश्य से यह अच्छा प्रयास है। सीकर जिले में रक्तदान के प्रति अच्छी खासी जागरूकता पहले से भी है, लेकिन समय-समय पर इसको बढ़ाने की जरूरत है। दैनिक भास्कर के रक्तदान शिविर की वजह से जरूरतमंदों और क्रिटिकल स्थिति के मरीजों को मदद मिलेगी। दैनिक भास्कर की ये पहल बेहद सकारात्मक है और इसको लगातार आगे बढ़ाना चाहिए। जिला पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने कहा कि इस सकारात्मक पहल की वजह से कई लोगों की जान बच सकती है। आमजन को इसमें ज्यादा से ज्यादा हिस्सा लेते हुए रक्तदान करना चाहिए, ताकि दुर्घटना में घायल लोगों की मदद की जा सके। इस मौके पर बड़ी संख्या में युवाओं ने रक्तदान किया। दैनिक भास्कर परिवार की ओर से संस्थापक रमेश चंद्र अग्रवाल की स्मृति में फल वितरित किए गए। शिविर के दौरान SK हॉस्पिटल सुप्रीटेंडेंट डॉ. केके अग्रवाल, रक्तवीर बीएल मील, संपादक बिजेंद्रसिंह शेखावत आदि मौजूद थे।


