महिला बोली-वॉशरूम में सांप-बिच्छू निकलते हैं, मंत्री हंस पड़े:इंदौर में रोते हुए कहा-ऑफिस जर्जर; रिटायरमेंट से पहले नया बना दो

इंदौर में लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल के सामने महिला कर्मचारी रो पड़ी। महिला ने मंत्री से कहा- सर, यहां वॉशरूम में सांप और बिच्छू निकलते हैं। महिलाओं की परेशानी इस कदर है कि उन्हें घर जाना पड़ता है। मैं जल्द रिटायर हो रही हूं और चाहती हूं कि जाने से पहले इस भवन को नए स्वरूप में देखूं। महिला की बात सुनकर मंत्री और अधिकारी हंस पड़े। मंत्री पटेल ने कहा कि हम समाधान करेंगे। इस दौरान एक अधिकारी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि किसी को पता चलेगा तो मुझे सस्पेंड कर देंगे। बाद में मंत्री ने अधिकारियों को नए भवन की प्लानिंग को लेकर निर्देश दिए कि इसे जल्द किया जाएं। वाकया शुक्रवार का है। लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल मेडिकल कॉलेज के पास खाद्य और औषधि प्रशासन के पुराने भवन का निरीक्षण करने पहुंचे थे। यह भवन काफी पुराना और खराब हालत में है। इस दौरान महिला कर्मचारी ने उन्हें बताया कि भवन की खराब स्थिति के कारण महिलाएं घर जाती हैं। कर्मचारी ने कहा-बारिश में टपकता है पानी
महिला कर्मचारी ने कहा, “बारिश के दिनों में यहां काफी पानी टपकता है। भवन की दीवारें कभी भी गिर सकती हैं। यहां काम करने से डर लगता है, लेकिन हमारे पास कोई विकल्प नहीं है। अब जब कोई हमारी परेशानी पूछता है, तो हमें बताने में रोना आ जाता है।” दो महीने बाहर बैठकर काम किया
महिला कर्मचारी ने बताया कि सांप और बिच्छू के कारण गर्भवती महिलाएं तो घर चली जाती हैं। यहां का हाल बहुत बेहाल है। हम दो महीने तक बाहर बैठकर काम करते थे। अगर यहां नया भवन बनाकर दिया जाता है, तो हमारे लिए यह गर्व की बात होगी। मैं रिटायरमेंट से पहले इस भवन को नए स्वरूप में देखना चाहती हूं। महिला की बात सुन हंसने पर मंत्री ने दी सफाई
मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल का कहना है कि मुझे सूचना मिली थी कि खाद्य औषधि प्रशासन विभाग के भवन की हालत काफी जर्जर है, इसलिए मैं वहां निरीक्षण करने गया था। उस दौरान महिला कर्मचारी वॉशरूम की हालत बयां करते-करते काफी भावुक होकर रो पड़ी। दरअसल, कर्मचारी वरिष्ठ अधिकारियों से भी बात करने में हिचकिचाते हैं। ऐसे में जब महिला कर्मचारी ने मुझे देखा तो वह अति भावुक हो गई और पूरी स्थिति बयां कर दी। उनकी बात गंभीर थी। मैंने अधिकारियों को भवन की प्लानिंग को लेकर निर्देश भी दिए हैं। मैं उन्हें ढांढस बंधा रहा था। ऐसी कोई स्थिति नहीं थी कि कोई घायल है या अस्पताल में भर्ती है और हम हंस रहे हैं। मैं महिला कर्मचारी की बात सुनकर नहीं हंसा। बल्कि मैंने यह कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर ओर आधुनिकीकरण हो रहा है। मोदीजी को पता चलेगा कि हमारे विभाग का कार्यालय इतना जर्जर है तो वे मुझे सस्पेंड कर देंगे। मैंने यह बात सहज और मजाकिया अंदाज में मुस्कुराकर कही थी। इस वाकये को अलग नजरिए से देखा गया। सबके देखने का अपना-अपना तरीका है। इस भवन को एक या दो हफ्ते में अच्छे और सभी सुविधाओं से युक्त भवन में शिफ्ट कर दिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *