कोडरमा में एक 10 साल की बच्ची शुक्रवार की शाम अपने घर से लापता हो गई। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की पर उसका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद परिजन शनिवार को थाना पहुंचे और बच्ची के अपहरण का मामला दर्ज करवाया। बच्ची की मां ने पड़ोस में रहनी वाली दो नाबालिग लड़कियों पर अपनी बेटी के अपहरण का आरोप लगाया है। मामला तिलैया थाना अंतर्गत पानी टंकी रोड का है। अनीता कुमारी ने अपने 10 वर्षीय बेटी माही के अपहरण को लेकर तिलैया थाना में आवेदन दिया है। महिला ने बताया है कि वे शनिवार को किसी काम से बाजार गई हुई थी। जब वो शाम 6 बजे वापस लौटी तो देखा कि माही घर में नहीं है। उन्होंने आस पड़ोस में खोजबीन की और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की। फिर भी माही का कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद उन्होंने थाना में आवेदन देकर अपनी बच्ची के खोजबीन की गुहार लगाई। बच्ची को रील बनाने का था शौक इधर, दिए गए आवेदन में पीड़िता ने घर के बगल के ही दो नाबालिग बच्चियों पर माही के अपहरण का संदेह जताया है। उन्होंने बताया कि दोनों माही को हमेशा अपने साथ बहला फुसला कर अपने घर ले जाया करती थी। जब से मेरी बच्ची घर से लापता हुई है तभी से वे दोनों भी घर से गायब हैं। ऐसे में उन्हें शक है कि उनकी बच्ची का दोनों बच्चियों द्वारा अपहरण कर लिया गया है। वहीं, अनीता ने बताया कि घर के बगल में रहने वाली दोनों लड़कियों ने माही को रील बनाने की लत लगा दी थी। बच्ची की खोजबीन जारी है। जिन बच्चियों पर अपहरण का आरोप लगा है, उनसे फोन पर बातचीत हुई है। बच्चियों ने इस घटना से पूरी तरह से इंकार किया है। पुलिस उनसे फिर से पूछताछ कर जल्द ही लापता बच्ची को ढूंढकर परिजनों को सौंप देगी। -विनय कुमार, थाना प्रभारी, तिलैया


