नवविवाहिता की शादी के 28 दिन बाद हत्या:बरेली में तालाब में पड़ा मिला शव, पिता बोले- दहेज का सामान तक नहीं खोला, हत्या कर दी

बरेली में शादी के महज 28 दिन बाद नवविवाहिता का शव तालाब में पड़ा मिला। तालाब मृतका के घर के ठीक पीछे है। पड़ोसी की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने नवविवाहिता को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूरा मामला सुभाषनगर थाने के मढीनाथ मोहल्ले का है। 1 नवंबर को हुई थी ज्योति की शादी एक नवंबर को हनुमानगढ़ी निवासी 24 वर्षीय ज्योति शर्मा की शादी मढीनाथ निवासी लव शर्मा से हुई थी। लव की बरेली के मुख्य बाजार इंद्रा मार्केट में कपड़े की दुकान है। शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे पड़ोसी ने तालाब में किसी के गिरे होने की जानकारी दी। परिजन पहुंचे तो पता चला कि वह ज्योति ही है। उसे तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। देवर अरविंद शर्मा ने बताया हम सब सो रहे थे। सुबह करीब साढ़े 7 बजे पड़ोस के लोगों ने आकर बताया कि कोई तालाब में गिरा है। हम बाहर आए तो देखा कि पीछे तालाब में ज्योति तैर रही थी। हमने तुरंत उसे बाहर निकाला और अस्पताल ले गए। हमें कुछ समझ नहीं आ रहा कि वो तालाब तक कैसे पहुंची। हम लोग तो घर के अंदर थे। पिता बोले- बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती पिता राजेश कुमार ने रोते हुए कहा, मेरी बेटी सुसाइड नहीं कर सकती। उसकी एक नवंबर को शादी हुई थी, अभी एक महीना भी नहीं हुआ है। कल रात मैंने दो बार फोन किया लेकिन उसने कॉल नहीं उठाया। सुबह 8 बजे उसकी नंद ने फोन कर बताया कि ज्योति की तबीयत बहुत खराब है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। आखिरी बार गुरुवार को बात हुई थी। मैंने उससे कहा था कि एक महीना हो गया, मैं तुम्हें लेने आऊंगा, कुछ दिन मायके भी रह लेना। ज्योति आत्महत्या जैसी कोई बात नहीं कर सकती। शादी में मैंने अपनी हैसियत से ज्यादा दहेज दिया था, आधा सामान तो अभी तक खोला भी नहीं गया था। वह मेरी इकलौती बेटी थी, उसकी मौत किसी साजिश का नतीजा है। मायके वालों की शिकायत पर पति हिरासत में घटना के बाद मौके पर पहुंचे रिश्तेदारों और पड़ोसियों ने भी अचानक हुई मौत पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि शादी को एक महीना भी नहीं हुआ और इस तरह मौत होना संदिग्ध है। मायके पक्ष ने दहेज को लेकर उत्पीड़न की आशंका जताई। सूचना मिलते ही थाना सुभाषनगर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घर का निरीक्षण किया गया, तालाब के किनारे से कुछ सैंपल उठाए गए। कई पड़ोसियों से बयान लिए गए। पति को तुरंत हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मौत डूबने से हुई या पहले किसी तरह की मारपीट की गई है। वहीं मायके पक्ष की तहरीर पर जांच की जा रही है। …………. ये भी पढ़ें : सहारनपुर में बदहवास पिता बोले- घर में कोई नहीं बचा:पत्नी-बेटे, बेटी-दामाद और नाती समेत 7 की मौत; अंतिम संस्कार में जा रहे थे सहारनपुर-देहरादून हाईवे पर हादसे में एक ही खानदान के 7 लोगों की मौत हो गई। बेकाबू डंपर कार पर पलट गया। डंपर पर लदी बजरी भी कार पर गिरने से कार में बैठे लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *