हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन कुख्यात चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से भारी मात्रा में सोना-चांदी के गहने, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य चोरी की वस्तुएं बरामद की गई हैं। गिरफ्तार चोरों ने कटकमदाग, सदर और लोहसिंघना थाना क्षेत्रों में हुई कई चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इस मामले की शुरुआत 22 नवंबर को हुई थी, जब विष्णुपुरी गली नंबर-15 निवासी पिंकी कुमारी के घर दिनदहाड़े ताला तोड़कर चोरी की गई। चोरों ने सोना-चांदी सहित कई कीमती आभूषण चुरा लिए थे। इस संबंध में कटकमदाग थाना में कांड संख्या 194/25 दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने तकनीकी विश्लेषण, छापेमारी और गुप्त सूचना के आधार पर जांच शुरू की। भोला प्रसाद सोनी और अमित दुबे को भी गिरफ्तार कर लिया गया जांच के दौरान, 28 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि डोकोटांड़ निवासी सुभाष चंद्र बोस उर्फ टैक्सी विष्णुपुरी गली नंबर-4 में चोरी करने की नीयत से घूम रहा है। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में टैक्सी ने पिंकी कुमारी के घर हुई चोरी के साथ-साथ कटकमदाग में 4, सदर में 4 और लोहसिंघना थाना क्षेत्र में 2 अन्य चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। टैक्सी की निशानदेही पर पुलिस ने पहले से दर्ज कांड संख्या 195/25, 180/25 और 163/25 से संबंधित चोरी का सामान बरामद किया। इसी के साथ, गिरोह के अन्य दो सदस्य भोला प्रसाद सोनी और अमित दुबे को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के पास से 54.5 ग्राम सोना, बड़ी मात्रा में चांदी के गहने (जिसमें पायल, बिछिया, कटोरी, चम्मच, सिक्के और अन्य आभूषण शामिल हैं), 577 ग्राम आर्टिफिशियल ज्वेलरी, एक लैपटॉप, एक इन्वर्टर, एक होम थिएटर और जेवर गलाने का उपकरण बरामद किया है। पुलिस अब इस गिरोह के पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित चोरी के मामलों की भी जांच कर रही है। इन गिरफ्तारियों से क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।


