कोरबा रेलवे स्टेशन पर 24 नवंबर को एक दुर्घटना में झुलसे युवक श्याम चौहान (25) की इलाज के दौरान भिलाई के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। वह प्लेटफॉर्म नंबर एक के यार्ड में दुर्घटना राहत वैन पेंट कर रहा था, तभी ओएचई (ओवर हेड इक्विपमेंट) की चपेट में आ गया था। इस घटना में उसका एक सहयोगी प्रेमदास भी घायल हुआ था, जिसकी हालत अब स्थिर है। दरअसल, हादसे के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल श्याम चौहान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बाद में भिलाई रेफर कर दिया गया था। रेलवे के सी एंड डब्ल्यू (कैरेज एंड वैगन) विभाग की ओर से राहत वैन को पेंट कराने का काम लगभग एक सप्ताह से चल रहा था। यह काम एक स्थानीय पेटी ठेकेदार को दिया गया था, जिसने स्टेशन के पास की बस्ती के युवकों को इस कार्य पर लगाया था बताया जा रहा है कि दुर्घटना राहत वैन पर काम करते समय संबंधित लाइन पर विद्युत प्रवाह बंद कर दिया जाता है। हालांकि, जिस समय श्याम चौहान और प्रेमदास काम कर रहे थे, उसी दौरान अचानक विद्युत लाइन चालू हो गई, जिससे दोनों उसकी चपेट में आ गए। मृतक श्याम चौहान की उम्र लगभग 25 साल थी। वह रेलवे स्टेशन के सामने कॉलोनी में रहता था। उसकी मां रतनबाई रेलवे में अनुकंपा नियुक्ति पर कार्यरत हैं, क्योंकि उनके पति की मौत हो चुकी है। श्याम अपने चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था।


