गौरेला में सोशल मीडिया के माध्यम से एक महिला को प्रताड़ित करने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। आरोपी पर इंस्टाग्राम और फेसबुक पर अभद्र टिप्पणियां कर महिला की छवि धूमिल करने और मानसिक उत्पीड़न का आरोप है। गौरेला की पीड़िता ने बताया कि आरोपी प्रमोद पाटिल से उनकी पहचान वर्ष 2021 में नागपुर रेल डिवीजन में उनके पति के सहकर्मी के रूप में हुई थी। पीड़िता के अनुसार, बाद में आरोपी ने गलत इरादे से उनके करीब आने की कोशिश की। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो वह सोशल मीडिया के जरिए गाली-गलौज और अश्लील टिप्पणियां करने लगा। आरोपी पीड़ित महिला के इंस्टाग्राम पर करता था अश्लील कमेंट शिकायत में बताया गया है कि आरोपी महिला के इंस्टाग्राम वीडियो पर अश्लील गालियां लिखकर पोस्ट करता था। वह इन्हीं वीडियो को टैग कर उनके फॉलोअर्स और दोस्तों को भी भेज रहा था। लगातार ऑनलाइन उत्पीड़न से परेशान होकर महिला ने गौरेला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने साइबर अपराध और महिला की मर्यादा भंग से संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़े सबूत सुरक्षित कर लिए हैं और आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।


