सरगुजा के विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) की अदालत ने 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़े गए पासपोर्ट सहायक को तीन साल की सजा सुनाई है। पासपोर्ट सहायक ने पासपोर्ट बनाने के लिए दस्तावेजों का वेरिफिकेशन करने रिश्वत मांगी थी। सरगुजा एसीबी की टीम ने पासपोर्ट सहायक को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा था। मामले में विशेष न्यायाधीश ममता पटेल की अदालत में सुनवाई की गई। जानकारी के मुताबिक, अप्रैल 2024 में रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र के इसरार हुसैन, शमीम अंसारी, तुफैल अहमद, असलम अंसारी व नूरानी ने हज पर जाने के लिए पासपोर्ट बनवाने च्वाईस सेंटर से ऑनलाइन आवेदन किया था। दस्तावेज सत्यापन के लिए उन्हें पासपोर्ट कार्यालय बुलाया गया था। पासपोर्ट सेवा केंद्र के कनिष्ठ पासपोर्ट सहायक संकट मोचन ने पांचों को मिलाकर 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। एसीबी ने किया था ट्रेप
रिश्वत मांगे जाने की शिकायत इसरार हुसैन ने ACB सरगुजा से की थी। दिनांक 30 जून 2024 को ACB सरगुजा की टीम ने आवेदक को केमिकल लगा नोट देकर पासपोर्ट सहायक के पास भेजा। जैसे ही पासपोर्ट सहायक संकट मोचन ने रिश्वत की रकम ली, एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मामले में ACB ने धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत अपराध दर्ज किया था। मामला विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) की अदालत में पेश किया गया था। विशेष न्यायाधीन ममता पटेल की अदालत ने दोष सिद्ध होने पर आरोपी पासपोर्ट सहायक संकट मोचन राय (32 वर्ष) को तीन वर्ष के कठोर कारावास एवं पांच हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। संबंधित खबर… सरगुजा में जूनियर पासपोर्ट असिस्टेंट रिश्वत लेते पकड़ाया:पासपोर्ट वेरिफिकेशन के लिए मांगी थी 12 हजार घूस, ACB की टीम ने की कार्रवाई छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एसीबी की टीम ने पासपोर्ट कार्यालय में जूनियर पासपोर्ट सहायक को 8 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। उसने पासपोर्ट सत्यापन के लिए प्रत्येक व्यक्ति से तीन हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। पिछले 15 दिनों में एसीबी की यह दूसरी कार्रवाई है। जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर जिले के ग्राम दोलंगी रामचंद्रपुर निवासी इसरार अंसारी समेत 4 लोगों ने पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था। जिसके वेरिफिकेशन के लिए पासपोर्ट ऑफिस अंबिकापुर के जूनियर पासपोर्ट असिस्टेंट संकट मोचन राय ने तीन-तीन हजार यानी 12 हजार रुपए डिमांड की थी। फिर 8 हजार में बात फाइनल हुई। यहां पढ़ें पूरी खबर…


