ठेला व्यापारियों की एकजुटता लाई रंग, बैकफुट पर प्रशासन:जहां लगते हैं ठेले, वहीं लगते रहेंगे; भीम आर्मी के नेतृत्व में किया था आंदोलन

मुरैना शहर के बाजारों में लगने वाले ठेला संचालकों की जीत हुई है। लगातार एक सप्ताह तक भीम आर्मी के नेतृत्व में चले आंदोलन के बाद उन्हें राहत मिली। प्रशासन ने ठेला व्यापारियों को फिरसे उसी जगह पर अपने ठेले लगाने की परमिशन दे दी है जहां वे अब तक लगाते आए हैं। बता दें कि इस मामले की शुरुआत तब हुई जब, मुरैना शहर के व्यापारियों ने नगर निगम एवं जिला प्रशासन पर दबाव बनाया कि ठेले वालों को हटाया जाए। इसके बाद जिला एवं निगम प्रशासन ने बैरियर चौराहे पर स्टेडियम के सामने उन्हें शिफ्ट करने की योजना बनाई। इसके साथ ही स्टेशन के पास एक खाली जगह पर शराब की कलारी के बगल से उन्हें शिफ्ट करने की पूरी तैयारी कर ली। ठेला व्यापारियों को जब इस बात का पता लगा कि उन्हें यहां से हटाना पड़ेगा तो वह एकजुट हो गए और भीम आर्मी के बैनर तले हनुमान चौराहे पर धरने पर बैठ गए। एक तरफ व्यापारी तो दूसरी तरफ देने वाले बैठे धरने पर
हनुमान चौराहे पर एक तरफ शहर के व्यापारी अपनी दुकानों को बंद कर धरने पर बैठे थे। दूसरी तरफ उनसे दो कदम की दूरी पर भीम आर्मी के नेतृत्व में ठेला व्यापारी धरने पर बैठे थे। व्यापारियों का धरना दो दिन बाद समाप्त हो गया लेकिन ठेले वालों का धरना समाप्त नहीं हुआ और भीम आर्मी के बैनर तले वह लगातार धरने पर बैठे रहे। आखिर में जिला एवं निगम प्रशासन को उनकी मांगों के आगे झुकना पड़ा और उन्हें दोबारा उसी जगह पर ठेले लगाने की अनुमति देनी पड़ी। नगर निगम आयुक्त सत्येंद्र सिंह धाकरे ने कहा कि ठेला व्यापारियों के लिए हॉकर्स जोन की व्यवस्था की जा रही है। उन्हें वहां पर ठेले नहीं लगाने दिए जाएंगे। जब तक व्यवस्था नहीं हो जाती है तब तक उन्हें ठेले लगाने की अनुमति दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *