दुनिया की सबसे बुजुर्ग महिला का निधन:जापान की तोमिको ने 116 साल की उम्र में अंतिम सांस ली, अब ब्राजीली महिला सबसे उम्रदराज बनीं

दुनिया की सबसे बुजुर्ग इंसान तोमिको इतूका का 116 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उनकी मौत 29 दिसंबर को ह्योगो प्रांत के एक नर्सिंग होम में हुई। जापान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को उनकी मौत की पुष्टि की। इतूका का जन्म 23 मई, 1908 को पश्चिमी जापान के आशिया शहर में हुआ था। वह 3 भाई-बहनों में सबसे बड़ी थीं। इतूका की शादी 20 साल की उम्र में हुई थी। उनके 4 बच्चे और 5 पोते-पोतियां हैं। इतूका के पति का निधन साल 1979 में हुआ था। इतूका की मौत की वजह अत्यधिक उम्र का होना बताया गया। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने सितंबर 2024 में इतूका को दुनिया की सबसे बुजुर्ग इंसान के रूप में मान्यता दी थी। दरअसल, पिछले साल अगस्त में स्पेन की मारिया ब्रान्यास का 117 साल की उम्र में निधन हो गया था। इतूका के निधन पर आशिया की मेयर रयोसुके ताकाशिमा (27) ने कहा – इतूका ने अपने जीवनकाल में विश्व युद्ध और महामारी के साथ-साथ बदलती टेक्नोलॉजी को भी देखा। उनके लंबे जीवन से हमें उम्मीद और हिम्मत मिली। 80 साल की उम्र में भी पहाड़ों पर चढ़ती थी
इतूका के परिवार ने पिछले साल एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्हें लंबी-लंबी हाइकिंग करना पसंद था। यही उनकी लंबी उम्र का राज था। वो 80 साल की उम्र में भी पहाड़ों पर मौजूद मंदिर में जाती थीं। 100 साल की उम्र में भी उन्हें चलने के लिए किसी छड़ी की जरूरत नहीं पड़ती थी। बचपन में वो वॉलीबॉल की अच्छी प्लेयर थी। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की एक रिपोर्ट के अनुसार इतूका ने 100 साल की उम्र के बाद भी अपनी हॉबी जिंदा रखी। उन्होंने 70 साल की उम्र के बाद भी माउंट ओंटेक पहाड़ पर दो बार चढ़ाई की। इसकी ऊंचाई 3,067 मीटर (10,062 फीट) है। अब ब्राजील की कैनाबारो बनीं सबसे ज्यादा उम्र की इंसान इतूका की मौत के बाद अब दुनिया की सबसे बुजुर्ग इंसान इनाह कैनाबारो लुकास बन चुकी हैं। ब्राजील की कैनाबारो की उम्र 116 साल है। उनका जन्म इतूका के जन्म के 16 दिन बाद हुआ था। दुनिया के सबसे अधिक उम्र की महिला फ्रांस की लूजी कालमेंट रह चुकीं हैं। जिन्होंने 122 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। लूजा का निधन अगस्त 1997 में हुआ था। सितंबर 2024 तक के डेटा के मुताबिक जापान में 95 हजार से ज्यादा ऐसे लोग हैं जिनकी उम्र 100 साल या उससे अधिक है। इनमें से 88 प्रतिशत से ज्यादा महिलाएं हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *