निंबाहेड़ा में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई:420 यूरिया के संदिग्ध बैग जब्त, मामला दर्ज

निंबाहेड़ा में कृषि विभाग ने 29 नवंबर को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध यूरिया के 420 बैग जब्त किए हैं। यह कार्रवाई कृषि आयुक्तालय जयपुर और जिला कलेक्टर आलोक रंजन के निर्देश पर की गई, जिसके बाद डीलर पर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। यह औचक निरीक्षण मांगरोल स्थित हरि मांगरोल फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के गोदाम में किया गया। जांच के दौरान गोदाम से 160 बैग संदिग्ध यूरिया, इफको यूरिया के 50 बैग, उत्तम यूरिया के 60 बैग और किसान यूरिया के 150 बैग बरामद हुए। इसके अतिरिक्त, विभिन्न कंपनियों के लगभग 550 खाली बैग भी मौके पर पाए गए। प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि विभिन्न कंपनियों के बैगों का उपयोग तकनीकी यूरिया में परिवर्तन के लिए किया जा रहा था। यह कृत्य उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम की विभिन्न धाराओं का स्पष्ट उल्लंघन है। मौके पर मौजूद फर्म के प्रतिनिधि तख्त सिंह ने बताया कि यह उर्वरक रानीखेड़ा निवासी अनिल अंजना का है। कार्रवाई के दौरान कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार जागा, उपनिदेशक उद्यान डॉ. शंकर लाल जाट, सहायक निदेशक कृषि अंशु चौधरी, ज्योति प्रकाश सिरोया और गोपाल लाल शर्मा सहित कई कृषि अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित थे। उर्वरक नियंत्रण आदेश के तहत नमूने लिए गए और जब्त की कार्रवाई की गई। इस मामले में डीलर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *