मऊगंज पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देश पर शनिवार शाम पथरिहा ब्लैक स्पॉट क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान गलत दिशा में 43 वाहन चालकों के चालान काटे और कुल 20,800 रुपए का समन शुल्क वसूला गया। यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं और रॉन्ग साइड में वाहन चलाने की बढ़ती शिकायतों के बाद चलाया गया। यातायात प्रभारी नरेश प्रताप सिंह ने बताया कि पथरिहा मार्ग का लगभग 2 किलोमीटर का हिस्सा कई वर्षों से ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित है। यहां वाहन चालक अक्सर चेतावनी और नियमों की अनदेखी कर रॉन्ग साइड में तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही थी। इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए एसपी सोनी ने हाल ही में इस क्षेत्र को औपचारिक रूप से ब्लैक स्पॉट घोषित कर सख्त निगरानी के निर्देश दिए थे। नागरिकों को सही साइड से गाड़ी चलाने को कहा इन्हीं निर्देशों के तहत शनिवार शाम करीब 4 बजे से देर शाम तक यातायात थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पथरिहा में गहन चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने मौके पर रॉन्ग साइड में चल रहे वाहनों को रोककर चालान बनाए और नियम पालन के लिए सख्त चेतावनी भी दी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटनाओं को प्रभावी ढंग से रोकने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। मऊगंज पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित लेन में ही वाहन चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा में सहयोग दें। इससे अनावश्यक हादसों से बचा जा सकेगा और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।


