बुरहानपुर पुलिस ने 29 नवंबर 2025 को एक विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान यातायात थाना प्रभारी राजेश बारवाल और उनकी टीम ने अलग-अलग चेकिंग पॉइंट्स पर वाहन चालकों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। यह अभियान पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश और नगर पुलिस अधीक्षक गौरव पाटिल के निर्देश पर चलाया गया। अधिकारियों ने राहवीर योजना, हिट एंड रन स्कीम, कैशलेस उपचार योजना और सड़क सुरक्षा को लोगों तक पहुँचाने के लिए विशेष जोर देने को कहा था। सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की सलाह दी
अभियान के दौरान वाहन चालकों को पम्पलेट बांटकर राहवीर योजना, हिट एंड रन स्कीम और कैशलेस उपचार योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चारपहिया चालकों को सीटबेल्ट लगाने की अनिवार्यता समझाई। इसके अलावा ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में ड्राइविंग और मोबाइल फोन का प्रयोग करने से होने वाले खतरों के बारे में भी जागरूक किया गया। लोगों को दुर्घटना की स्थिति में मिलने वाली कैशलेस उपचार सुविधा और त्वरित मदद के लिए डायल 112 सेवा की जानकारी भी दी गई। अभियान के दौरान नियम तोड़ने वालों को चेतावनी देकर सुरक्षित ड्राइविंग की सलाह दी गई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य सड़क हादसों को कम करना, सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुँचाना और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।


