छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक ट्रक चालक की लापरवाही ने एक बुजुर्ग महिला की जान ले ली। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में तेज रफ्तार से ट्रक चलाते हुए चालक ने महिला को रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम मेढ़की में 29 नवंबर के दोपहर करीब 1 बजे मकतुला बाई साहू (75) ग्राम सभा में शामिल होने घर से निकली थीं। जैसे ही वह कला मंच के पास पहुंचीं, उसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने उन्हें ठोकर मारते हुए कुचल दिया। आसपास के लोगों ने चिल्लाकर ट्रक रुकवाने की कोशिश की, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय रिवर्स कर दिया। इससे महिला आगे के टायर के नीचे आकर कुछ दूरी तक घसीटती चली गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद करीब डेढ़ घंटे तक ग्रामीणों में भारी आक्रोश रहा। तनावपूर्ण माहौल के बीच पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मरचुरी भेजा, जहां शाम 4 बजे पोस्टमॉर्टम किया गया। भीड़भाड़ वाले इलाके में तेज रफ्तार से चला रहा था ट्रक मृतका के पोते हिमांशु साहू ने पुलिस को बताया कि ट्रक चालक लेखराम ठाकुर गांव का ही रहने वाला है और वह भीड़भाड़ वाले इलाके में तेज गति से लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। इसी लापरवाह ड्राइविंग के कारण उनकी दादी की मौत हुई। पुलिस के अनुसार चालक कच्चे माइंस से लोहा लेकर रायपुर गया था और लौटते समय पड़कीभाट बायपास से बघमरा होते हुए मेढ़की अपने घर जा रहा था। इसी दौरान यह हादसा हुआ। बालोद थाने में चालक पर केस दर्ज मृतका के पोते की शिकायत पर बालोद पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ BNS की धारा 105 के तहत अपराध दर्ज किया है।


