धौलपुर जिले में बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के रूप में कार्यरत 42 वर्षीय अनुज गर्ग की देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से शहर में शोक और हड़कंप का माहौल बन गया है। डेटा अपलोड करते समय बिगड़ी तबीयत अनुज गर्ग धौलपुर शहर के गौशाला सेक्टर की भाग संख्या 158 के बीएलओ थे। उनकी बहन वंदना गर्ग के अनुसार, विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) के काम का दबाव इतना अधिक था कि अनुज को रोजाना देर रात 2 बजे तक काम करना पड़ता था। घटना वाली रात भी करीब 1 बजे अनुज मतदाताओं से संबंधित फॉर्म का डेटा अपलोड कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने चाय मांगी और चाय पीने से पहले ही अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। परिवार के सदस्य तुरंत उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव मॉर्च्युरी में रखवाया परिजन शव को घर ले आए। सुबह पुलिस सूचना मिलने पर घर पहुंची और शव को जिला अस्पताल मॉर्च्युरी में रखवाया गया। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।


