प्रतापगढ़ के कांठल क्षेत्र में सर्द हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। सुबह की शुरुआत तेज ठंडक के साथ हुई, जिससे लोगों को कड़ाके की सर्दी का एहसास हुआ। जिले में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बदलते मौसम का असर बाजारों में भी दिखाई देने लगा है। गर्म कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है। व्यापारी संजय कुमार के अनुसार, तापमान गिरने के साथ ही गर्म कपड़ों की मांग में वृद्धि हुई है। शाम होते ही गर्म खाद्य पदार्थों के स्टॉल पर भी भीड़ देखी जा रही है। यह मौसम किसानों के लिए भी राहत लेकर आया है। रबी फसलों के लिए आवश्यक ठंडक का असर अब जमीन तक पहुंच रहा है। किसानों ने उम्मीद जताई है कि गेहूं और चने की बुवाई के लिए यह मौसम अनुकूल साबित होगा। अरावली की उपत्यकाओं में तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण पहाड़ियों पर कोहरा छाने लगा है। सुबह सड़कों, बाजारों और वन क्षेत्र की पगडंडियों पर टहलने निकले लोगों ने कोहरे और बादलों के बीच से उगते सूरज का आनंद लिया। हल्की लालिमा बिखेरता सूरज लोगों को आकर्षित कर रहा था। न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी से थोड़ी राहत मिली, लेकिन अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट ने दिनभर ठंडक बनाए रखी। सुबह लोग अलाव का सहारा लेते देखे गए, जबकि दिन में हवा और कोहरे के कारण हल्की सर्दी का असर पूरे दिन महसूस किया गया। कांठल क्षेत्र में मौसम कड़ाके की सर्दी की ओर बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।


