फरीदकोट पुलिस ने खंगाले नशा तस्करों के घर:कुछ संदिग्ध को हिरासत में भी लिया, SSP के आदेश पर कार्रवाई

पंजाब के फरीदकोट में जिला पुलिस ने ऑपरेशन कासो के तहत रविवार को नशे के हॉट स्पॉट माने जाने वाले इलाकों में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने नशे के गौरख धंधे से जुड़े संदिग्ध लोगों के घरों की तलाशी ली और कुछ को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। जानकारी के अनुसार एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के दिशा निर्देश पर पुलिस ने फरीदकोट,कोटकपूरा व जैतो में डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस की विभिन्न टीमों ने नशे की हॉट स्पॉट बस्तियों में दबिश दी और नशा तस्करी में लिप्त रहे लोगों के घरों की तलाशी ली गई। कोटकपूरा में सर्च का नेतृत्व करते हुए डीएसपी कोटकपूरा संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस द्वारा जिले भर में नशे के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कई बड़े नशा तस्करों पर केस दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया है। कुछ तस्कर जमानत या पैरोल पर बाहर आकर फिर से नशे के धंधे में शामिल हो जाते हैं, जिन पर सख्ती करने के लिए यह अभियान चलाया गया है। नशा छोड़ने के इच्छुक लोगों को करवाया जाता है मुफ्त इलाज- डीएसपी इस मौके पर डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि जो भी व्यक्ति नशा छोड़ना चाहते हैं, उन्हें पुलिस द्वारा रेस्क्यू कर पुनर्वास केंद्रों में भेजा जाता है, जहां उनका इलाज पूरी तरह मुफ्त कराया जाता है ताकि वे नशे की दलदल से बाहर निकलकर समाज की मुख्यधारा में लौट सकें। उन्होंने नशा से पीड़ित व्यक्तियों के परिजनों को अपने बच्चों का मुफ्त इलाज करवाने के लिए पुलिस से संपर्क करने की अपील की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *