धौलपुर जिले में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस का सघन चेकिंग अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान जिले भर में 85 वाहन चालकों को शराब के नशे में गाड़ी चलाते हुए पकड़ा गया, जिनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को मजबूत करना है। यह अभियान पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के नेतृत्व में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडीएफ मुख्यालय बाड़ी) कमल कुमार जांगिड़ के पर्यवेक्षण में चलाया गया। जिले के 44 प्रमुख स्थानों पर सभी थानों की पुलिस टीमों ने नाकाबंदी कर शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक विशेष चेकिंग की। इस दौरान कुल 1081 वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चेकिंग के दौरान 85 वाहन चालक शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए, जिनमें 79 दोपहिया और 6 चौपहिया वाहन चालक शामिल थे। इन सभी पर नियमानुसार कार्रवाई की गई है। पिछले दो दिनों में, जिले भर में लगभग 2000 वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई है। इनमें से कुल 143 चालकों को शराब पीकर गाड़ी चलाते हुए पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की गई है। यह विशेष अभियान पुलिस मुख्यालय और महानिरीक्षक पुलिस भरतपुर रेंज कैलाश विश्नोई के निर्देश पर चलाया जा रहा है और आगे भी जारी रहेगा।


