इंदौर के हीरानगर थाने में एक 24 वर्षीय युवती ने अपने इंस्टाग्राम दोस्त के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। युवक पर आरोप है कि वह युवती को लगातार परेशान कर रहा था, उसका पीछा करता था और बात न करने पर खुदकुशी कर उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी देता था। हीरानगर पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी गगन नामदेव के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस की एक टीम आरोपी की तलाश में भोपाल रवाना हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। चार साल पहले इंस्ट्राग्राम पर हुई थी पहचान शिकायतकर्ता युवती एक अकाउंटेंट फर्म में काम करती है। उसकी पहचान आरोपी गगन पुत्र प्रमोद नामदेव निवासी जहांगीराबाद मेन रोड भोपाल से वर्ष 2021 में इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। कुछ समय तक बातचीत चलती रही। फिर गगन लगातार शक करने लगा और जबरन मिलने का दबाव बनाने लगा, जिसके चलते युवती ने उससे दूरी बना ली। ऑफिस तक पहुंचा, हाथ मरोड़ा, दी जान देने की धमकी पीड़िता के अनुसार 22 नवंबर को गगन उसका पीछा करते हुए ऑफिस पहुंच गया। ऑफिस के बाहर बात करने के लिए जोर जबरदस्ती करने लगा और बोला कि अगर वह बात नहीं करेगी तो वह जान दे देगा और उसके नाम को सुसाइड नोट में लिख देगा। युवती ने बताया कि गगन ने उसका हाथ पकड़कर जोर से मरोड़ दिया और धमकी दी कि “साथ नहीं चलेगी तो यहीं मर जाऊंगा… नहीं तो तुम्हें ही मार दूंगा।” लगातार कॉल और पीछा, शनिवार को फिर अभद्रता पीड़िता ने बताया कि इसके बाद आरोपी लगातार कॉल कर परेशान करता रहा। शनिवार को भी वह उसका पीछा करते हुए आया और अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद युवती ने थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई।


