चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर वर्ष 2019 में लुप्त हुए चंद्रयान-2 के लैंडर ‘विक्रम’ और रोवर ‘प्रज्ञान’ का लोकेशन ट्रेस करने और उनकी क्रियाशीलता के वैज्ञानिक प्रमाण प्रस्तुत करने वाले जयपुर निवासी डॉ. हरिमोहन सक्सेना को कर्मवीर चक्र रजत पदक और रेक्स कर्मवीर ग्लोबल फेलोशिप से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें फरीदाबाद में आयोजित रेक्स कॉन्क्लेव व कर्मवीर पुरस्कार समारोह में प्रदान किया गया। डॉ. सक्सेना ने यह महत्वपूर्ण शोध कार्य बीकानेर के जगमोहन के साथ मिलकर किया था, जिसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना की गई। कार्यक्रम के दौरान उनकी हाल ही में प्रकाशित कविता संग्रह कुछ कड़वी कुछ मीठी बातें का भी लोकार्पण किया गया। उल्लेखनीय है कि इस पुस्तक को 21st सेंचुरी एमिली डिकिंसन अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। पुस्तक का विमोचन चार प्रतिष्ठित कर्मवीरों द्वारा किया गया, जिनमें प्रमुख रहे फिल्म निर्देशक संजीव सिवन, जो 57वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की जूरी सदस्य रहे हैं और नेशनल जियोग्राफिक और अल जजीरा के लिए कई डॉक्यूमेंट्री फिल्में निर्देशित कर चुके हैं। वे प्रख्यात मलयालम फिल्म ‘अपरिचितन’ के निर्देशक हैं और अब तक 75 डॉक्यूमेंट्री व 30 लघु फिल्में बना चुके हैं। अन्य अतिथियों में टॉप 5 अमेजिंग इंडियंस (हफ्फपोस्ट) में शामिल प्रमिला हिंगोरानी, इम्पैक्ट गुरु फाउंडेशन के सीईओ संदीप तलवार तथा कर्मवीर फेलो अनिंद्यो बैनर्जी शामिल थे। डॉ. हरि मोहन सक्सेना पशुचिकित्सा विश्वविद्यालय, लुधियाना में इम्यूनोलॉजी के प्रोफेसर एवं माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष, बिहार के पशुविज्ञान विश्वविद्यालय में डीन और रूस में भारतीय दूतावास में वैज्ञानिक सलाहकार के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।


