भिंड में स्वास्थ्य विभाग पर कलेक्टर की सख्ती:6 BPM का 7 दिन का वेतन काटने के निर्देश, लहार BMO को नोटिस

भिंड कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में कलेक्टर करोड़ीलाल मीना ने विभागीय लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया है। गर्भवती महिलाओं के eKYC में देरी और शासकीय कार्यों में लापरवाही को लेकर कलेक्टर ने जिले के सभी छह ब्लॉकों के बीपीएम (BPM) का 7 दिन का वेतन राजसात करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, बैठक से नदारद रहने पर लहार बीएमओ को नोटिस थमाया गया है। समीक्षा बैठक के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लहार के बीएमओ (BMO) अनुपस्थित रहे। इस पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने को कहा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि समीक्षा जैसे महत्वपूर्ण मंच पर अनुपस्थित रहना कर्तव्य से विमुखता है और इसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा। eKYC पेंडिंग होने पर कटी BPM की सैलरी
अनमोल पोर्टल की समीक्षा में सामने आया कि कई ब्लॉकों में गर्भवती महिलाओं के eKYC का काम लंबित है। इससे हितग्राही योजनाओं का लाभ प्रभावित हो रहा है। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए कलेक्टर ने सभी छह ब्लॉकों के BPM का सात दिनों का वेतन राजसात करने के निर्देश दिए। अगले महीने 100% काम नहीं हुआ तो पूरी सैलरी जाएगी
कलेक्टर ने चेतावनी दी कि यदि अगली समीक्षा बैठक तक सभी ब्लॉकों में eKYC का काम शत-प्रतिशत पूरा नहीं हुआ, तो संबंधित BPM के एक माह का वेतन भी जब्त किया जाएगा। बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड के लिए 7 दिन का अभियान
70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने 1 से 7 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने BPM को निर्देश दिए कि लाभार्थियों की लाइन लिस्ट तैयार करें और आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर पहुंचकर बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनवाएं। रौन BPM को नौकरी से निकालने की चेतावनी
रौन ब्लॉक के BPM को कार्य में लगातार लापरवाही बरतने पर कारण बताओ नोटिस (SCN) जारी किया गया है। कलेक्टर ने चेतावनी दी है कि यदि सुधार नहीं हुआ तो उन्हें सेवा से पृथक कर दिया जाएगा। ANM को अल्टीमेटम: 15 दिसंबर तक करें रजिस्ट्रेशन
ANC (गर्भवती महिलाओं की जांच) रजिस्ट्रेशन में गति लाने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि 15 दिसंबर तक सभी गर्भवती महिलाओं का पंजीयन पूरा कर लिया जाए। यदि ऐसा नहीं होता है, तो संबंधित ANM का 15 दिन का वेतन काटा जाएगा। इसके बाद भी सुधार न होने पर सेवा समाप्ति की कार्यवाही होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *