कोडरमा में दो अलग-अलग हादसे:स्टेशन के पास चलती ट्रेन से गिरा युवक, ट्रक-ऑटो टक्कर में तीन लोग गंभीर

कोडरमा जिले में रविवार को हुए दो अलग-अलग हादसों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। पहला मामला धनबाद–गया रेलखंड पर कोडरमा स्टेशन के पास सामने आया, जहां आनंद विहार से रांची जा रही 12818 (आनंद विहार–हटिया) एक्सप्रेस से गुमला जिले के सिसाई निवासी 20 वर्षीय सनी उरांव नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, कोडरमा स्टेशन से ट्रेन खुलने के कुछ मिनट बाद सीएच स्कूल के पास अचानक युवक का बैलेंस बिगड़ गया और वह ट्रेन से नीचे जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल युवक को आरपीएफ पोस्ट लाकर प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उसे तुरंत सदर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक युवक को सिर, कंधे और पैर में गहरी चोटें आई हैं और उसकी स्थिति अभी चिंताजनक बनी हुई है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। रायडीह मोड़ पर ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर दूसरी घटना डोमचांच थाना क्षेत्र के रायडीह मोड़ के पास हुई, जहां गिट्टी लदे एक तेज रफ्तार ट्रक (JH09 AZ 7921) ने एक ऑटो (JH12D 3785) को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ऑटो चालक टेकलाल साव, एक युवती और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। ऑटो चालक टेकलाल साव ने बताया कि वह झुमरीतिलैया से नवलशाही की ओर यात्रियों को लेकर जा रहे थे। तभी सामने से आ रहे ट्रक ने अनियंत्रित होकर उनके ऑटो को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो उछलकर ट्रक के डीजल टैंक से जा भिड़ा और पलट गया। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह घायलों को बाहर निकाला। इस दुर्घटना में घायल हुई युवती गौरा कुमारी (26) पिता रवि रंजन कुमार, निवासी सरमाटांड़ तथा 14 वर्षीय करण कुमार, पिता नंदकिशोर दास, निवासी शिवसागर को स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। दोनों का इलाज जारी है। स्थानीय लोगों ने की मदद, पुलिस ने शुरू की जांच हादसे की सूचना पर डोमचांच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल करवाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक तेज रफ्तार में था, जिससे टक्कर इतनी भीषण हुई। पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और सभी घायलों के उपचार पर नजर बनाए हुए है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *