खाद के कालाबाजारी के बीच कृषि विभाग हुआ अलर्ट:निरीक्षण के दौरान कई दुकानों पर मिली अनियमितताएं, चार दुकानों के लाइसेंस निलंबित

सवाई माधोपुर में खाद की कालाबाजारी की खबरों के बाद अब कृषि विभाग अलर्ट नजर आ रहा है। इसी कड़ी में विभाग की ओर से जिलेभर में खाद-बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान कई विक्रेताओं ने निर्धारित दर सूची प्रदर्शित नहीं करने, विक्रय-बिल एवं स्टॉक रजिस्टर का सही रिकॉर्ड नहीं करने, वास्तविक स्टॉक एवं पोस मशीन रिकॉर्ड में अंतर होने और यूरिया को निर्धारित दर से अधिक पर बेचने जैसी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इन दुकानों पर हुई कार्रवाई इसी आधार पर विभाग ने मैसर्स हिमांशु ट्रेडिंग कंपनी (खिरनी), मैसर्स महेश ट्रेडर्स (खिरनी), मैसर्स अमान खाद बीज भंडार (मलारना डूंगर), मैसर्स सैनी खाद बीज भंडार (सवाई माधोपुर) सहित कई प्रतिष्ठानों के खुदरा उर्वरक अनुज्ञापत्र अग्रिम आदेश तक निलंबित कर दिए हैं। वहीं मैसर्स गौरव एंटरप्राइजेज (बौंली), मैसर्स सृष्टि खाद बीज भंडार (सवाई माधोपुर), मैसर्स प्रजापति खेतीबाड़ी केन्द्र (शिशोलाव), मैसर्स जे.के. एंटरप्राइजेज (गूगड़ोद) एवं मैसर्स आरके एंटरप्राइजेज (बागडोली) को उर्वरक नियंत्रण आदेश के उल्लंघन पर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त मैसर्स सत साहेब खाद बीज भंडार (बौंली) एवं मैसर्स श्रीनाथ खाद बीज भंडार (बौंली) द्वारा अधिक मूल्य पर यूरिया बेचे जाने की पुष्टि होने पर उनके अनुज्ञापत्र भी निलंबित कर दिए गए। निरीक्षण दल में अतिरिक्त निदेशक कृषि (भरतपुर) देशराज सिंह, कृषि आयुक्तालय जयपुर से उपनिदेशक कृषि (गुण नियंत्रण) डॉ. प्रेमचन्द्र वर्मा, संयुक्त निदेशक कृषि सवाई माधोपुर राकेश कुमार अटल, उपनिदेशक कृषि डॉ. हब्बल सिंह सहित विभागीय अधिकारी शामिल रहे। निरीक्षण की यह कार्रवाई आगामी दिनों में भी जारी रहेगी। यूरिया डाइवर्जन की निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष बनाया जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित कर ओम प्रकाश मीणा कृषि अधिकारी 9680568862 व दिव्या मीणा (कृषि पर्यवेक्षक) — 9667210479 को क्रमशः प्रभारी एवं सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। किसान इस नंबर पर उर्वरक संबंधी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं, जिनका शीघ्र समाधान किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *