राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय (RTU), कोटा में 1 से 3 दिसंबर तक “विक्रम साराभाई अंतरिक्ष प्रदर्शनी” का आयोजन होगा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) स्पेस एप्लीकेशन सेंटर, अहमदाबाद द्वारा राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के स्टूडेंट एक्टिविटी सेंटर में आयोजित होने वाले इस अंतरिक्ष विज्ञान महाकुंभ में वैज्ञानिक विरासत,नवाचार ,जीवंत अनुभव से विद्यार्थी रूबरू होंगे। आरटीयू के सह जनसंपर्क अधिकारी विक्रम राठौड़ ने बताया कि प्लेसमेंट एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के निदेशक डॉ मनीष चतुर्वेदी के निर्देशन में आयोजित होने वाली इस प्रदर्शनी में अब तक 60 स्कूल कॉलेज व कोचिंग संस्थानों ने अपने विद्यार्थियों के लिए पंजीकरण करवा है। करीबन 7 से 8 हजार विद्यार्थियों के आने का अनुमान है। 1दिसंबर को उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि संदीप शर्मा, विधायक कोटा दक्षिण, विशिष्ट अतिथि नेहा गौड़ व डॉ. एसपी व्यास, इसरो वैज्ञानिक होंगे। प्रदर्शनी सुबह 10 से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। इस प्रदर्शनी के आयोजन में राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय की साल 2004 आईटी ब्रांच की पूर्व छात्रा नेहा गौड़ का विशेष योगदान है। जो वर्तमान में इसरो के अहमदाबाद स्थित स्पेस एप्लीकेशन सेंटर में सीनियर साइंटिस्ट पद पर कार्यरत है। कुलगुरु प्रो.निमित चौधरी ने कहा कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों, उपग्रह कार्यक्रमों, प्रक्षेपण यानों, रिमोट सेसिंग, नेविगेशन, चंद्रयान-मंगलयान सहित वैज्ञानिक अनुसंधान की विविध गतिविधियों के बारे में जागरूक एवं प्रेरित करना है। विक्रम साराभाई अंतरिक्ष प्रदर्शनी (वीएसएसई) के माध्यम से विद्यार्थियों को उपग्रहों, प्रक्षेपण यान और उपग्रहों के अनुप्रयोगों से संबंधित इसरो की संपूर्ण गतिविधियों की झलक मिल सकेगी है। यह प्रदर्शनी इसरो की संपूर्ण गतिविधियों को कवर करेगी, जिसमें इसरो की अवधारणा, इसका इतिहास, अंतरिक्ष कार्यक्रमों के सामाजिक लाभ की जानकारी प्राप्त होगी।प्रदर्शनी विद्यार्थियों को जीवंत अनुभव प्रदान करने के साथ हमारे वैज्ञानिक विरासत से परिचित होने का वैज्ञानिक अवसर प्रदान करेगी।


