भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देशानुसार और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ द्वारा घोषित की गई प्रदेश कार्यकारिणी में पूर्व सांसद डॉ. ज्योति मिर्धा को एक बार फिर प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नियुक्ति के बाद रविवार को नागौर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और नागौर लोकसभा क्षेत्र के लोगों ने डॉ. मिर्धा का स्वागत किया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीणों ने हाल ही में अपने-अपने क्षेत्रों की नई ग्राम पंचायतें बनाए जाने पर प्रदेश उपाध्यक्ष मिर्धा के प्रति आभार भी व्यक्त किया। डॉ. मिर्धा बोलीं- जनता का विश्वास ही मेरी पूंजी दोबारा प्रदेश उपाध्यक्ष का पद मिलने के बाद नागौर पहुंची डॉ. ज्योति मिर्धा ने स्वागत समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार के सदस्यों, कार्यकर्ताओं और जनता द्वारा किए गए इस स्वागत को शब्दों में बयान करना कठिन है। उन्होंने जनता-जनार्दन के अटूट विश्वास और आशीर्वाद को ही अपने जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताया। पार्टी को मजबूत करने का संकल्प डॉ. मिर्धा ने संकल्प व्यक्त किया कि वह अपनी पूरी क्षमता के साथ पार्टी को प्रदेश के गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक मजबूत करने तथा जन-जन की सेवा करने के लिए हमेशा समर्पित रहेंगी। उन्होंने नागौर आवास पर आये लोगों द्वारा किए गए इस स्वागत-सम्मान के लिए सभी का आभार भी जताया।


